सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का आगाज।
देवभूमि उत्तराखंड और हिमालय की महिमा का रावल भीमाशंकर लिंग ने किया विस्तृत वर्णन, देव अतिथि के रूप में की शिरकत।
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आगमन के पावन अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मेले के आगाज से समूचे ऊखीमठ क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मेले के शुभारंभ अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने देव अतिथि के रूप में शिरकत की।
केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग ने अपने संबोधन में देवभूमि उत्तराखंड और हिमालय की महिमा का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखलाओं का समूह नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, तपस्या और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। यहां के पौराणिक तीर्थस्थल और धार्मिक परंपराएं विश्व भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।
प्रधान पुजारी डॉ. केदार लिंग ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने का अवसर समूचे क्षेत्र के लिए धार्मिक उल्लास का पर्व है। मदमहेश्वर मेला हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। पंडित घनानंद मैठाणी ने कहा कि पंचकेदार की धार्मिक परंपराएं उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं। भगवान मदमहेश्वर की महिमा और उनसे जुड़ी पौराणिक मान्यताएं सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रही हैं।
केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की डोली के शीतकालीन प्रवास पर ऊखीमठ आगमन से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मदमहेश्वर घाटी की अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। यहां के मेले और उत्सव स्थानीय लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए हैं। संचालन तेज प्रकाश त्रिवेदी व प्रताप धर्म्वाण ने संयुक्त रूप से किया।
मेले के शुभारंभ के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्रीय जनता में खासा उत्साह बना हुआ है। मेले में विभिन्न विभागों व स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टाल लगाकर काश्तकारों को विभागीय जानकारियां दी जा रही है। भगवान मदमहेश्वर की डोली के शीतकालीन प्रवास पर ऊखीमठ आगमन के साथ ही धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इस मौके पर राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, की गंगाधर लिंग, शिव लिंग, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, बद्री केदार मन्दिर समिति सदस्य अंकित सेमवाल, प्रह्लाद पुष्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, गुरिल्ला संगठन जिला अध्यक्ष बसन्ती रावत, सन्तोष त्रिवेदी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवन्त रावत, प्रधानाचार्य अजय फेगवाल, वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी, आशा राम सेमवाल, अंजनेश पंवार, महेश बर्त्वाल, सुधा नेगी, सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी, सदस्य व प्रतिभागी मौजूद थे।









