ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
सरकार के खिलाफ 25 अक्टूबर को अनशन पर बैठेंगे कुंजवाल।
जागेश्वर के पूर्व विधायक, स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार जनहितों का संरक्षण करने में पूरी तरह से विफल हुई है।
उन्होंने राजकीय महाविद्यालय जैंती में विज्ञान संकाय को बंद करने के विरोध में 25 अक्टूबर को जागेश्वर क्षेत्र के भारत माता मंदिर के सामने 24 घंटे का अनशन करने की घोषणा की है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार , कांग्रेस की सरकार के समय की योजनाओं को बंद करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जैंती सालम क्षेत्र में पहले तो पॉलिटेक्निक की सिविल ट्रेड बंद कर दी गई।अब मशहूर सेनानी राम सिंह धौनी डिग्री कालेज में 2014 से संचालित विज्ञान संकाय को बंद कर दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सीएम धामी यहां के विकास की घोषणा कर चुके हैं, इसके बाद भी विज्ञान प्रयोगशाला तो नहीं खुल पाई लेकिन विज्ञान संकाय को ही बंद कर दिया गया। वहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी उपस्थित थे।









