डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
दोहे
संत-समागम से मिले, अद्भुत ज्ञान-प्रकाश।
इसी ज्ञान से हो सदा, तम अज्ञान-विनाश।।
अद्भुत भारत देश है, ऋषि-मुनियों का धाम।
उत्तम सोच-विचार का, सदा करे यह काम।।
पुरा काल से यह करे, ज्ञान-कोष-विस्तार।
ज्ञान और विज्ञान में, इसकी प्रगति अपार।।
संतों की ही सीख से, उपजे करुणा-भाव।
भव-सागर के पार की, सदा बने जो नाव।।
ईश-वंदना जो करे, उसका हो कल्याण।
प्रभु-वंदन से कष्ट का, लगता कभी न बाण।।
नैतिक मूल्यों की रहे, जिस समाज में बाढ़।
सुखी रहें सब जन वहाँ, कटते कष्ट प्रगाढ़।।
नाम-कीर्ति-यश तब बढ़े, जब हो निर्मल सोच।
विमल सोच दीवाल पर, पड़ती नहीं खरोच।।






