शिक्षक एवं साहित्यकार
गुरुदीन वर्मा (जी.आजाद)
बारां (राजस्थान)
इसमें मेरा क्या दोष है
————————————————————-
मैंने तो चाहा था कि————–,
लोगों की आदत बदल जायेगी,
यह चुगलखोरी, गलाकाट प्रतिस्पर्धा,
यह लूटखसोट खत्म हो जायेगी,
इस दुनिया की नई सूरत होगी,
भारत पर लगा दाग मिट जायेगा,
लेकिन किसी ने नहीं बनाया मानस,
मजबूरन मुझको ही बदलना पड़ा,
और मैं भी स्वार्थी हो गया,
इसमें मेरा क्या दोष है।
बहुत जल्दी करता रहा हूँ मैं विश्वास,
जिन पर मुझको आ जाती थी दया,
सोचता था इनका हृदय निश्छल होगा,
लेकिन उनके कदम तो निकले,
कीचड़ से सने हुए,
तो मैंने भी अपनी आँखें बंद कर ली,
इसमें मेरा क्या दोष है।
होता था मुझको गर्व उन पर,
जिनको लोग कहते हैं वतन परस्त,
उनकी महफिलों में जाता था मैं,
उनका दीदार करने, उनकी तारीफ सुनने,
सोचता था इनसे ही होगा देश में,
अमन और भाईचारा,
और होगा यह देश अखण्ड-मजबूत,
लेकिन मैंने देखा कि,
वो तो अपना ईमान-आत्मा बेच रहे हैं,
अब मैं कर रहा हूँ उनकी खिलाफत,
इसमें मेरा क्या दोष है।
तुमको तो मालूम था,
कि तुमसे ज्यादा नहीं चाहता हूँ,
अन्य और किसी को सच में,
अक्सर तुमको वह खुशी देने की कोशिश की,
जो खुशी तुमने चाही मुझसे,
लेकिन जब तुमने ही मुझको,
बकवास मानकर मेरा साथ छोड़ दिया,
तो मैं क्या करता ऐसे हालात में,
और मैंने भी छोड़ दिया तुम्हारा हाथ,
इसमें मेरा क्या दोष है।






