प्रजा वत्सला रानी अहिल्या बाई होल्कर

Spread the love

 

हरी राम यादव, सूबेदार मेजर (आनरेरी)

 

 

जयंती पर विशेष

 

प्रजा वत्सला रानी अहिल्या बाई होल्कर

 

 

परहित को अपना काम मानकर जो लोग समाज में काम करते हैं, वह इस नश्वर शरीर के मिट जाने के बाद भी लोगों के जेहन और इतिहास के पन्नो में अमर हो जाते है। समाज के लोग ऐसे लोगों की कहानियां अपने छोटे छोटे बच्चों को सुनाते हैं ताकि भविष्य में वह बच्चा भी एक आदर्श व्यक्तित्व का स्वामी बने और अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करे । परहित को अपना कर्म मानने वाली एक ऐसी ही बालिका का जन्म 31 मई 1725 ई को महाराष्ट्र के एक छोटे से गाँव चौंढी में श्रीमती सुशीला शिंदे और श्री मान्कोजी शिंदे के यहाँ हुआ था, जिसका नाम रखा गया अहिल्याबाई । अहिल्याबाई होल्कर के पिता मान्कोजी शिंदे खुली विचारधारा और अग्रणी सोच के व्यक्ति थे। उन्होंने अपनी पुत्री अहिल्याबाई को बचपन से ही शिक्षा देना शुरू कर दिया था जबकि उस समय स्त्रियों को शिक्षा नहीं दी जाती थी। समाज में लोग स्त्री शिक्षा के बारे में तरह तरह की बातें करते थे।

 

अहिल्याबाई होल्कर का विवाह इन्दौर शहर के संस्थापक श्री मल्हार राव होल्कर के पुत्र श्री खंडेराव से हुआ था। माहेश्वर के लोग बताते हैं कि एक बार राजा मल्हार राव होल्कर पुणे जा रहे थे। रास्ते में वह चौंढी गाँव में विश्राम करने के लिए रुके। उस समय बालिका अहिल्याबाई अपने गांव के गरीबों की मदद कर रही थीं। गरीबों की सेवा और दयाभाव देखकर मल्हार राव होल्कर ने अहिल्याबाई के पिता से अपने बेटे खण्डेराव होल्कर के लिए अहिल्याबाई का हाथ मांग लिया। उस समय अहिल्याबाई की उम्र केवल 08 वर्ष थी। अहिल्याबाई की शादी के 10 साल बाद सन् 1745 में उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया जिसका नाम मालेराव रखा गया। पुत्र के जन्म के तीन साल बाद 1748 में उन्होंने मुक्ताबाई नाम की पुत्री को जन्म दिया। अपने पति, ससुर तथा बच्चों के साथ महारानी देवी अहिल्या बाई का जीवन अच्छी तरह चल रहा था। लेकिन 1754 में उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके पति खण्डेराव होल्कर का असामयिक निधन हो गया। रानी अहिल्याबाई होल्कर अंदर से टूट गयीं। लेकिन उन्होंने अपने आप को संभाला। रानी अहिल्याबाई होल्कर अभी कुछ संभली हीं थीं कि 1766 में उनके ससुर उन्हें अकेला छोड़कर चल बसे। एक वर्ष पश्चात सन् 1767 में उनके बेटे मालेराव की असामयिक मृत्यु हो गई। लगभग 13 वर्षों में उनका भरा पूरा परिवार समाप्त हो गया। रानी अहिल्याबाई अकेली रह गईं । उनके ऊपर अपने राज्य की पूरी जिम्मेदारी आ गयी।

 

सन् 1767 में रानी अहिल्याबाई होल्कर ने तुकोजी होल्कर को अपना सेनापति नियुक्त किया और अपनी राजधानी को माहेश्वर ले गयीं जो कि इंदौर से लगभग 90 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में नर्मदा के तट पर स्थित है। वहां पर उन्होंने नर्मदा नदी के तट पर अहिल्या महल का निर्माण करवाया और वहां के निवासियों के लिए कपड़ा उद्योग को विकसित किया। माहेश्वर की रेशम तथा सूती की माहेश्वरी साड़ी विश्व में प्रसिद्ध है। रानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने जीवन को अपने राज्य के नागरिकों की भलाई और उत्थान में लगा दिया। वह हर प्रकार से अपनी प्रजा को सुखी देखना चाहती थीं। यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें देवी के रूप में उनकी पूजा करते हैं। माहेश्वर के हर घर में उनकी पूजा की जाती है, वह घर चाहे जिस धर्म, जाति और सम्प्रदाय का हो। ऐसी सर्वमान्य पूजा पूरी दुनिया में कहीं किसी की नहीं होती। प्रत्येक सोमवार को रानी की पालकी माहेश्वर के किले से निकलकर माहेश्वर में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर तक जाती है। पालकी के साथ वहां की जनता जयकारा लगाते हुए चलती है।

 

रानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने कार्यकाल में पूरे देश में अनेक ऐसे कार्य किये जिनके बारें में कोई सोच नहीं सकता है। उन्होंने देश के अनेक तीर्थ स्थलों पर मंदिर बनवाये, मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया। पानी की सुलभता के लिए कुँए और बावड़ियों का निर्माण करवाया, एक जगह से दूसरी जगह को जोड़ने वाली सड़कें बनवायीं। वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर आज भी रानी अहिल्याबाई की धर्मपरायणता की कहानी कह रहा है। उस समय समाज में विधवा महिलाओं की स्थिति काफी ख़राब थी, उन्होंने विधवा महिलाओं के लिए बहुत प्रशंसनीय काम किया । अहिल्याबाई के शासन संभालने से पहले यह कानून था कि यदि कोई महिला विधवा हो जाए और उसके पुत्र न हो, तो उसकी पूरी संपत्ति सरकारी हो जाती थी, लेकिन अहिल्याबाई ने इस कानून को बदलकर विधवा महिला को अपनी पति की संपत्ति का हकदार बनाया।

 

रानी अहिल्याबाई ने आज से लगभग 255 वर्ष पहले गरीबों को अन्न देने की योजना बनायी थी और उन्होंने अपने राज्य के नागरिकों को अनाज बांटना शुरू किया था। इंदौर के आसपास के राजाओं ने इस योजना का भारी विरोध किया था लेकिन रानी अपनी बात पर अडिग रहीं और इस योजना की मदद से गरीबों को राहत पहुंचाई थी। 13 अगस्त 1795 को 70 वर्ष की अवस्था में अचानक तबियत बिगड़ जाने के कारण देवी अहिल्याबाई होल्कर की इंदौर में मृत्यु हो गयी । उनकी मृत्यु के पश्चात उनके शासन की बागडोर उनके विश्वसनीय तुकोजीराव होल्कर ने संभाला।

 

रानी अहिल्याबाई होल्कर एक दूरदर्शी महिला तथा कुशल प्रशासक थीं। माहेश्वर में उनके द्वारा स्थापित वस्त्र उद्योग आज घर घर में लोगों की जीविका का साधन बना हुआ है। माहेश्वर में आपको हर घर में लोग कपड़े की बुनाई करते हुए मिल जायेंगे। रानी अहिल्याबाई होल्कर के किले में स्थापित “रेवा सोसायटी” के बने वस्त्र दुनिया में अपनी अलग पहचान रखते हैं। आज भी उनके वंशज उसी सदाशयता से रेवा सोसायटी की मदद से कामगारों की मदद कर रहे हैं। आज के समय में जहाँ लोगों को काम के बदले मजदूरी देना भारी लगता है वहीं रेवा सोसायटी के कामगारों के बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल और अस्पताल की व्यवस्था आज भी है ।

  • Related Posts

    चुप्पी के पीछे का सपना   (लघुकथा)

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं कवयित्री …

    दवात-कलम, कर्म और न्याय के देवता भगवान चित्रगुप्त

    Spread the love

    Spread the love  अंजनी सक्सेना                        (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                       …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    चुप्पी के पीछे का सपना   (लघुकथा)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 7 views
    चुप्पी के पीछे का सपना    (लघुकथा)

    दवात-कलम, कर्म और न्याय के देवता भगवान चित्रगुप्त

    • By User
    • November 10, 2026
    • 12 views
    दवात-कलम, कर्म और न्याय के देवता भगवान चित्रगुप्त

    शत-प्रतिशत जीवन ऊर्जा और सदिच्छा का प्रतीक

    • By User
    • November 10, 2026
    • 13 views
    शत-प्रतिशत जीवन ऊर्जा और सदिच्छा का प्रतीक

    जीवन जागरूकता और अविरल चलने की साधना है

    • By User
    • November 10, 2026
    • 16 views
    जीवन जागरूकता और अविरल चलने की साधना है

    हमसफर — सुल्तान अली गहलोत

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    हमसफर — सुल्तान अली गहलोत

    सरलता ओढ़े रख !    (काव्य)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    सरलता ओढ़े रख !     (काव्य)