काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
धरती की हरियाली
हरी- भरी धरती दिखे,जब सिंचित हो खेत।
उपजाऊ मिट्टी बने, मिटे रेत का प्रेत।।
लहराएं फ़सलें सदा, सुखी खेत- खलिहन।
अन्नोत्पादन हो बहुत, प्रिय किसन धनवान।।
बाग़- बगीचों में रहें, और लगें नित पेड़।
वृक्ष सदा फलदार हों, नहीं चाहिए रेड़।।
उत्तम – उत्पादक सदा, बोते रहना बीज।
खेतिहर बनें कृषक सभी, हो उन्नत हर चीज।।
खुश रखना है खेत यदि, कर इसका सत्कार।
गोबर- पानी दो इसे, करना भूमि सुधार।।
धरती माता की कृपा, हेतु रहो तैयार।
धरती भरती पेट है, करती नित उपकार।।
धरती असली मूल्य है, जीवन का आधार।
हरियाली इसमें रहे, सूखे नहीं विचार ।।
जो धरती को पूजता, करता है सम्मान।
वही कृषक धनवान है, जिसे खेत का ज्ञान।।






