काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
अनुशासन
नियमवद्ध हो जिंदगी, सदा कर्म का बोध।
नियमित दिनचर्या रहे, स्वयं आत्म का शोध।।
सदाचार के पाठ का, पालन करे सुजान।
मन में रहे विनम्रता, आदर अरु सम्मान।।
बड़े -छोट का ज्ञान हो, सुंदर रहे विचार।
जीवन के अध्याय में, प्रथम शिष्ट- आचार।।
जीवन अति सुखमय रहे, यदि हो नहीं विवाद।
अनुशासित मानव करे, अति स्नेहिल संवाद।।
आत्म नियंत्रण ही सहज, अनुशासन का नाम।
नित्य समन्वय भाव से, करते रहना काम।।
अनुशासन में शांति है, यह जीवन का ग्रंथ।
सतत परस्पर प्रिय मिलन, ही अत्युत्तम पंथ।।
मन के निर्मल भाव में, अनुशासन का गाँव।
इसी गाँव से हर मनुज, पाता शीतल छाँव।।
अनुशासित मानव सदा, देता है उपदेश।
बना स्वयं आदर्श सत, का देता संदेश।।






