काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
परिवार के लिए परिवार से बाहर
घर की खातिर त्याग सब, गया मनुज परदेश।
पैसे से परिवार का, होता भरण विशेष।।
रोजी- रोटी के लिए, चला छोड़ परिवार।
मानव की यह वाध्यता, रोजगार ही सार।।
बाहर जा कर यदि नहीं, करे मनुज कुछ काम।
परिजन कैसे खुश रहें, बिन भोजन बिन दाम।।
इसीलिए परिवार की, खातिर भरमें लोग।
धन से ही परिजन सुखी, धन- अर्जन ही योग।।
बाहर जा कर हर मनुज, करता सतत विकास।
करता रोशन नाम है, घर में लक्ष्मी वास।।
हो लगाव परिवार से, रखना उसे प्रसन्न।
बाहर जा कर कर्म कर, भेजो घर में अन्न।।
ताना- बाना बाहरी, से परिवार अमीर।
बाहर से उन्नति सदा, खुले स्वयं तकदीर।।
बाहर जाओ देखने, इस दुनिया का हाल।
भरे रत्न – भंडार से, रख घर को खुशहाल।।






