काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
आशा का दीप
आशाओं के दीप जले जब।
शुक्ल पक्ष की नींद खुले तब।।
अन्धकार की अवनति होगी।
प्रिय प्रकाश की उन्नति होगी।।
आशाओं की दीप शिखा में।
जीवन का उल्लास शिखा में।।
आशा की किरणों में दिखती।
मधु भविष्य का लेखन करती।।
आशा ही जीवन की माला।
मानव मन होता मतवाला।।
जो निराश हो जीवन जीता।
विष की हाला निश्चित पीता।।
जिसके उर में आशा रहती।
गीत मनोहर गाती चलती।।
आशा ही मनमोहक बगिया।
हँसते पुष्प सहज दिन- रतिया।।
काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
अक्सर सच अकेला रहता है
झूठ बोलते बहुत लोग हैं ।
लोकतंत्र के कुष्ठ रोग हैं।
अधिकाधिक सत्ता के लोलुप।
सदा देखते सिर्फ भोग हैं।
मौन खड़ा है सत्य अकेला।
सदा अल्प मत सत्य योग है।
देख जगत का दृश्य अनोखा।
झूठ बना अब राज- रोग है।
नहीं सत्य की चले वकालत।
न्यायालय में झूठ भोग हैं।
नेता अधिवक्ता बनियाँ सब।
सबमें दिखता मनोरोग है।
सच का साथी नहीं यहाँ पर।
झूठ संग में अधिक लोग हैं।
चुप हो सत्य देखता सबकुछ।
कैसे- कैसे यहाँ लोग हैं ।






