पी.यादव ‘ओज’, झारसुगुड़ा,ओडिशा।
आदमीयत से दूर आदमी!
गुरुर में बेइंतहा चूर आदमी,
आदमी से मगरूर आदमी।
है वजूद अपनी वह खो रहा,
आदमीयत से दूर आदमी।।
तेरा-मेरा करता है आदमी,
मेरा सब कहता है आदमी।
शहंशाह खुद ही हो जाता,
शख्सियत से बेनूर आदमी।।
आदमी से बेखबर आदमी,
आदमी से बेअसर आदमी।
आदमी से लाचार आदमी,
आदमी से परेशान आदमी।।
अंदर-बाहर है दो आदमी,
तीसरे को वो तैयार आदमी।
आदमी भीड़-बाजार आदमी,
ठगों का है सरदार आदमी।।
आधा आदमी-पूरा आदमी,
टेढ़ा-मेढ़ा मटोल आदमी।
श्वेत आदमी-काला आदमी,
नीला-पीला-भूगोल आदमी।।
आदमी के पीछे पड़ा आदमी,
आदमी से मोहताज आदमी।
आदमी के सर खड़ा आदमी,
आदमी से अनजान आदमी।।
आदमी इल्म-किताब आदमी,
आदमी चेला-उस्ताद आदमी।
आदमी मंजिल-चिराग आदमी,
आदमी इबादत-जन्नत आदमी।।
गुरुर में बेइंतहा चूर आदमी,
आदमी से मगरूर आदमी।
है वजूद अपनी वह खो रहा,
आदमीयत से दूर आदमी।।






