डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
नीति वचन
नीति वचन-21
जहाँ धरम तहँ प्रभू-निवासा।
करम-धरम बिनु पुर्न बिनासा।।
राखहु करम-धरम नहिं अंतर।
करमइ धरम कै असली मंतर।।
संपति-बिपतिहिं एक समाना।
चिंतक-साधक-संत-सुजाना।।
तजै न चंदन निज सितलाई।
रहँ भुजंग बरु बहु लिपटाई।।
संत-बचन कै नहिं कछु मोला।
बाल-सुभाउ संत-मन भोला।।
पुरुष लिप्त आलस्य-प्रमादा।
रहहि भयातुर लोक-प्रबादा।।
अस जन कायर परम गुमानी।
लक्ष्य-सिद्धि नहिं अस अग्यानी।।
जे कछु निज मन आवहिं भावा।
पुनि बुधि परखहिं भाव-प्रभावा।।
संतन्ह हृदय भाव रह बाढ़ा।
प्रभुहिं प्रेम यहिं तें रह गाढ़ा।।
जासु हृदय नहिं भाव-प्रधाना।
हृदय तासु पाषान समाना।।
प्रभु प्रति उमड़ै जब हिय भावा।
बुधि अपि भाव-बेग मिलि जावा।।
बुधि अरु तर्क परे प्रभु-प्रेमा।
बिनु सुचिमन नहिं भाव न नेमा।।
कोमल-कठिन भेद अस मानउ।
जिह्वा-दंत-भेद जस जानउ।।
टूटहिं दंत जीभ रहि जाए।
कोमल भाव कठोर न पाए।।
दोहा-सत्य रहहि जग मा सदा,मिटइ असत-अस्तित्व।
कोमल बानी जे भखहिं,भुलइ न तिसु वक्तृत्व।।
नैन (सजल)
समांत-आरे
पदांत–लगते हैं
मात्रा-भार–26
नैन तुम्हारे सजनी प्यारे-प्यारे लगते हैं,
जो देखे लुट जाए कितने न्यारे लगते हैं।।
बिना बाण के प्रेमी-हृद का छेदन करते हैं,
शमशीरों की तेज धार को धारे लगते हैं।।
रति-अनंग का तेज लिए,विरह-वेदना देते,
मिलन अयोग्य ये सरिता के किनारे लगते हैं।।
चंचल-छलिया इतने हैं,नहीं किसी पे टिकते,
रवि-किरणों के जैसे सबपे वारे लगते हैं।।
अद्भुत गुण से पोषित ये, दोनों नैन तुम्हारे,
प्रकृति-न्यायप्रिय-भावों से सवाँरे लगते हैं।।
देवों जैसे विमल नेत्र द्वय,छवि निर्मल धारे,
बादल रहित गगन के चाँद-सितारे लगते हैं।।
सायक कुसुम चला अनंग जब घायल करता है,
घायल मन के नैना,नेक सहारे लगते हैं।।






