डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या,उ.प्र.।
आज की राजनीति
राजनीति अब नीति छोड़ के,
खेले खेल है सारा।
तिलक-मालवीय-गांधी-नेहरू,
का करके बटवारा।
जनता रोए धुवाँधार-
भगवन, कैसे सपरी??
डीज़ल औ पेट्रोल की कीमत,
छूए गगन-शिखर को।
नेताजी बहु-बहु समझाएँ,
समझ न आए जन को।
होए ठगी का कारोबार-
भगवन, कैसे सपरी??
कहते हैं मंगल ग्रह पर,
जब होगी अपनी बस्ती।
डीज़ल औ पेट्रोल की बिक्री,
होगी तब अति सस्ती।
जाए यान पवन के पार-
भगवन, कैसे सपरी??
पानी तब अनमोल बिकेगा,
रोटी-दाल औ ओदन।
बिन तरकारी थाल सजेगी,
मदिरा-मिश्रित भोजन।
डूबे नैया बिच मझधार-
भगवन, कैसे सपरी??
बुद्धि-विवेक हीन जन-नायक,
जब-जब हुए जगत में।
तब-तब रोयी मानवता है,
धरती के आँचल में।
बरसे पापों के अंगार-
भगवन, कैसे सपरी??
ईमानदार जननायक सेवक,
मिलता है मुश्किल से।
परोपकार बस ध्येय है उसका,
पूर्ण समर्पित दिल से।
उसका सदा करो सत्कार-
भैया, ऐसे सपरी।।






