डॉ.रामबली मिश्र, वाराणसी, (उ. प्र.)।
ज्ञान दर्पण
स्वयं है ज्ञान दर्पण सा मनुज का मन अगर निर्मल।
विकारों का जहाँ ताता वहाँ कब ज्ञान प्रिय भूतल।
विचारों की जहाँ शीतल अमी छाया विचरती है।
वहीं पर ज्ञान की गंगा हमेशा नित्य बहती है।
बनेगा ज्ञान दर्पण सा अगर माया लगे मिथ्या।
जहाँ तक नाचती माया दिखे हर चीज अति सत्या।
मनुज को मारती माया नहीं उत्थान होने दे।
बहुत बलवान हाथी बन नहीं बेफिक्र सोने दे।
खुले जब ज्ञान -दरवाजा विवेकी भाव जगता है।
तभी आतम करे विचरण सहज शिव गाँव बनता है।
हरे जब ज्ञान झूठे को सदा तब सत्य खिलता है।
सभी मन दोष मिट जाते निराला चक्षु खुलता है।
न उर में द्वेष का घर जब कपट अभिमान मर जाते।
तभी मानव निपुण को देख दूषित भाव डर जाते।
वही चालाक कहलाता निडर हो जो चला करता।
न कोई दोस्त – दुश्मन है भलाई में लगा रहता।







