डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ.प्र.)
दोहे (आग और पानी)
पानी से विद्युत बने, विद्युत उपजे आग।
संगम दोनों तत्व का, केंद्र प्रेम-अनुराग।।
पानी हरता प्यास को, हरे आग अँधियार।
दोनों जीवन-स्रोत हैं, इनका है आभार ।।
पवन-गगन,पानी-अगन, ले क्षिति बने शरीर।
पर,शरीर हो व्यर्थ जब, निकले प्राण-समीर।।
संगम पानी-आग का, रचता अद्भुत खेल।
हरे अनल के ताप को, बस पानी का मेल।।
शीत-उष्ण-गुण के धनी, हैं ये पानी-आग।
जीवन रूपी गीत के, सबसे उत्तम राग ।।






