सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख
“लोक-कल्याण जब व्यक्ति का धर्म बन जाए, तो धरा स्वतः ही स्वर्ग बन जाती है” — सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————
ये जाते हुए कड़वे क्षण भी जीवन के मीठे अनुभवों की गाथा कह जाते हैं। दुनिया की इस अपार भीड़ में यदि हमारे अपने, कुछ सज्जन लोग खो गए, तो उन्हें पुनः पाना असंभव होगा। हम जानते हैं कि इस पृथ्वी पर मनुष्य के रूप में हम श्रेष्ठतम प्राणी हैं। हर काली रात के बाद एक नया सवेरा निश्चित है, किंतु इस अंतराल में हम विचारों की गहराइयों और अनजान राहों के ख्वाबों-ख्यालों में एक लंबा सफर तय करते हैं। जब हकीकत की थकान और बेचैनी हमें घेरती है, तब हम स्वयं से संवाद करते हैं। हृदय में उमड़ते हर प्रश्न का उत्तर खोजने का यही प्रयास हमें खुद से परिचित कराता है। कभी-कभी मन में यह प्रश्न कौंधता है—हम कौन हैं? यहाँ क्यों आए हैं? और हमारी मंजिल, हमारी ये छोटी-बड़ी आशाएँ और अभिलाषाएँ आखिर क्या हैं? तब अंतर्मन से बस एक ही स्वर गूँजता है: ‘हम यहाँ केवल मेहमान हैं और हमारा वास्तविक उद्देश्य केवल सद्कर्म करना है’। अंततः आत्मा का परमात्मा से मिलन ही परम सत्य है, फिर भी जीवन की भागदौड़ में हम स्वयं को खो देते हैं। इस कलियुग में सर्वगुण संपन्न होना कठिन है; अस्तित्व के संघर्ष में अक्सर मन विचलित और मस्तिष्क थक जाता है। किंतु, इन सबके बीच इंसानियत जीवित रहनी चाहिए। यदि आपमें सामर्थ्य है, तो परिचित हो या अनजान—किसी की उम्मीद न टूटने दें। दुखी को सुने, असहाय को सहारा दें और उलझनो को सुलझाएँ। करुणा और प्रेम केवल रिश्तों तक सीमित न रहे, बल्कि आपका व्यक्तित्व संपूर्ण समाज के कल्याण के लिए एक प्रेरणा बने। यदि आप परोपकार के इस मार्ग पर चलने में सफल होते हैं, तो यकीन मानिए आप ईश्वर के प्रिय फरिश्ते बन जाएंगे। सांसारिक धन-दौलत या पद-प्रतिष्ठा से आप भले ही अमीर न कहलाएं, किंतु विधाता की दृष्टि में आप इस संसार के सबसे समृद्ध व्यक्ति होंगे। एक बार स्वार्थ की सीमाओं को लांघकर तो देख लीजिए! जब आप मदद के लिए कदम आगे बढ़ाएंगे, तो यह संसार और भी रंगीन लगने लगेगी और जीवन का हर लम्हा जीने की एक नई चाहत जगाएगा। बस अपने हृदय में सबके लिए प्रेम भरकर देखिए; जहाँ प्रेम की अविरल धारा बहती है, वहाँ नफरत की कालिख स्वयं ही धुल जाती है। जहाँ ‘अपने और पराए’ का भेद मिट जाता है, वहाँ हर दर्द मरहम बन जाता है…जिस क्षण आप किसी जरूरतमंद की सहायता करते हैं, आप पर दुआओं की अमृत-वर्षा होने लगती है। जब आप किसी की आँखों के आँसू पोंछते हैं, तो आप वास्तव में, उसके हृदय की धड़कन बन जाते हैं। ये कोई सिर्फ़ दार्शनिक बातें नहीं, बल्कि जीवन के कड़वे अनुभवों से उपजे मीठे सत्य हैं। ये अहसास कहीं लिखे हुए नहीं मिलेंगे; ये तो आत्मा के वे सुंदर स्पर्श हैं जिन्हें शब्दों में पूरी तरह बयां नहीं किया जा सकता। अंततः ‘मेरा-तेरा’ और ‘मैं’ के शोर में एक दिन सब यहीं मिट जाना है; शेष रह जाते हैं तो केवल हमारे ‘सद्कर्म’, जिनके लिए हम सदा याद किए जाते हैं। क्यों न हम समस्त मानव समाज को ‘इंसानियत’ का अनमोल खजाना भेंट कर दें? इतिहास साक्षी है कि किसने, कब और क्या किया, पर वर्तमान में यह विवाद का विषय नहीं होना चाहिए। हमारे कर्म ही हमारी पहचान हैं; अतः अपने श्रेष्ठ कर्मों को कभी दुर्व्यवहार की कालिख से धूमिल न होने दें। प्रतिशोध (बदले) की भावना अत्यंत भयावह और विनाशकारी होती है। इससे कोसों दूर रहकर स्वयं को स्वच्छ, सुंदर और पवित्र कर्मों में लीन रखें। संसार बदलेगी या नहीं, इसकी चिंता छोड़कर अपने प्रत्येक कृत्य का आत्म-मूल्यांकन स्वयं कर लें। यह सत्य है कि हम अपना भाग्य नहीं लिख सकते, लेकिन सत्य और ईमानदारी की राह पर चलने का निर्णय तो ले ही सकते हैं। अगर प्रत्येक इन्सान निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगा, तो यह धरा स्वयं स्वर्ग बन जाएगी। विडंबना यह है कि हम दूसरों की बुराइयाँ खोजने और उन्हें कोसने में समय व्यर्थ करते हैं, जबकि आवश्यकता खुद को जीवन के अनुकूल ढालने की है। बदलाव की मशाल स्वयं से जलानी होगी। ‘हम बदलेंगे, युग बदलेगा’—यह मात्र एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन होना चाहिए। इसे सिर्फ सुनने या कहने के लिए न रखें, बल्कि इसे आत्मसात कर लें। शुरुआत स्वयं से करें। क्योंकि जब व्यक्ति स्वयं को परिष्कृत कर लेता है, तो सृष्टि स्वतः ही सुन्दर दिखने लगती है। मनुष्यता के कल्याण में समय समर्पित करते तो कितना अच्छा होता, किसी एक पर नहीं, हम सब की यही हालात हैं। सुनाना तो चाहते हैं पर सुनना पसंद नहीं, बातें तो सभी ज्ञान की कर लेते हैं पर अनुकरण करना मुश्किल लगता है। जब तक औपचारिकता से निकलकर हम सच्चाई का दामन नहीं थामेंगे, गलत को गलत कहने की हिम्मत नहीं जुटाएंगे, एकता की शक्ति को नहीं पहचानेगे, बिखरे हुए, उलझे और एक-दूजे से रूठे रहेंगे, जीवन के असली और बेहद हसीन आनंद से हम वंचित ही रहेंगे। सबसे आवश्यक होता है खुद को बदलना, खुद को समझना, तभी तो जीवन का मर्म समझ पाएंगे। किसी की पीड़ा को समझना और उसकी सहायता का सार्थक प्रयास करना ही सबसे बड़ी इंसानियत है। ईश्वर प्रदत्त यह हृदय हमारा सबसे अनमोल उपहार है; इसकी धड़कनें ही जीवन का प्रमाण हैं। तो क्यों न हम प्रेम की माला के वे ‘महकते मोती’ बन जाएं, जिसे नफरत का कोई हथियार न तोड़ सके? जो आनंद जुड़ने में है, वह टूटने में कहाँ? आइए, इस नए वर्ष में बैर, त्याग दें। उन लोगों को हृदय में सहेज कर रखें जिन्होंने नि:स्वार्थ भाव से आपका साथ दिया है। जीवन की कठिन राह में जो प्रत्येक परिस्थिति में आपके साथ खड़े हैं—चाहे वे माता-पिता, मित्र हों या नानी-दादी और गुरु—वे ही ईश्वर का रूप हैं। इन अनमोल रिश्तों को कभी मत खोना, क्योंकि भीड़ में खो जाने पर ये दोबारा नहीं मिलते। अपने जीवन के उद्देश्य को पहचानें और शुभ कर्मों में निरंतर समर्पित रहें।
नारी शक्ति एवं अस्मिता की सशक्त प्रतीक






