डॉ. यल.कोमुरा रेड्डी
सहायक आचार्य एवं अध्यक्ष
हिन्दी विभाग
एस.आर.आर. शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय,
करीमनगर, तेलंगाना
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नव वर्ष: एक नई चेतना का उद्घोष
विगत वर्ष की स्मृतियों को अब, विदा दे रहे हम सादर,
काल-प्रवाह की लहरों पर अब, नूतन पथ है अग्रसर।
तिथि-पत्रक के अंक मात्र ये, परिवर्तन का द्वार नहीं,
परिवर्तन तो वह है जो, अंतर्मन में हो प्रखर।
प्रथम रश्मि ने स्वर्ण-कलश से, मंगल संदेश सुनाया है,
तृण-दल पर ओस-कणों ने, मुक्ता-सा चमक बिखराया है।
नव-आशा के कल्पवृक्ष से, सुगंधित समीर बहती है,
क्षितिज पुकार रहा तुमको, देखो सौभाग्य अब आया है।
मत पूछो कि व्यतीत वर्ष में, कितनी हुई क्षति तुम्हारी,
मत गिनो कि कितनी बार हुई, ये नयन-कोर गीली-खारी।
जो धराशायी हुए, तजें वे अवसाद और प्रमाद को,
उदित भविष्य कर रहा आज, नूतन सुख की तैयारी।
कोरा पत्रक है नव वर्ष, संकल्पों की मसि (स्याही) धारो,
लिख दो अपनी नियति स्वयं, पुरुषार्थ से भाग्य सँवारो।
न थकना है, न रुकना है, बस गति ही जीवन का सत्य,
तमसो मा ज्योतिर्गमय—जग का अंधकार तुम हारो।
तज दो कटुता के विष को, और द्वेष की प्राचीरों को,
क्षमा-शस्त्र से काट दो तुम, मन की सब जंजीरों को।
प्रेम ही वह पीयूष (अमृत) है, जो पाषाण पिघला देता है,
करुणा के पावन स्पर्श से, बदलो जगत की लकीरों को।
सफलता के तुंग शिखर पर, धरातल का ध्यान रहे,
नभ को छू लो किंतु हृदय में, संस्कृति का सम्मान रहे।
दीन-सेवा, गुरु-अर्चन और मानवता ही परम धर्म,
संस्कारों की थाती से ही, मनुष्य का उत्थान रहे।
यह वर्ष है दृढ़ निश्चय का, नूतन कीर्ति स्थापित करने का,
स्वयं को श्रेष्ठ बनाने का, अज्ञान-तिमिराच्छन्न हरने का।
उठो! काल का शंखनाद, शौर्य को तुम्हारे आह्वान करे,
यही समय है सुप्त भाग्य में, प्राण-ऊर्जा भरने का।
मंगलमय हो वर्ष तुम्हें यह, हर्ष का अतिरेक रहे,
जीवन के हर एक दिवस में, उत्सव का अभिषेक रहे।
प्राणी मात्र के अधरों पर, चिर-नूतन मुस्कान खिले,
उन्नति के ऊँचे सोपानों पर, तुम्हारा ही लेख रहे।






