राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
वह जो वक़्त बताती थी.
_____________________
वह जो वक़्त बताती थी
ख़िलाफ़-हवाओं के चलना जो सिखाती थी
चोर, चुरा ले गए मेरी वह हाथ घड़ी
वह हाथ घड़ी बँधी रहती थी मेरी कलाई पर
जिसमें दिखाई देता था वक़्त मुझे पुरखों का
कभी दिखाई देती थीं लड़ाइयाँ सदियों की
और कभी गहराइयाँ सात समुद्रों की
अब वहाँ सूने जैसा सूना है और वीरानी
अब वहाँ वीरानी जैसी वीरानी है और भय
अब वहाँ भय जैसा भय है और आत्म-संघर्ष
वन-क्षेत्र की स्मृतियों में खोता जाता हूँ मैं
और बंद मुट्ठी की मिट्टी हुआ जाता हूँ मैं
पुकारती पुकार का सूर्योदय गाता हूँ मैं
घड़ी-घड़ी देखता हूँ वह घड़ी कि जिसमें आग
जो रहती थी, कुछ ऐसे रहती थी कि जैसे सीने में
कि जैसे खेतों में बीज, बारूद फसल के लिए
चोर चुरा ले गए मेरी वह हाथ घड़ी
ख़िलाफ़-हवाओं के चलना जो सिखाती थी
वह जो वक़्त बताती थी.
_____________________
खोना-पाना.
_____________________
होश गया, बेहोश हुआ
फिर बेहोशी में ही पाई मदहोशी
ज़हर नहीं था, जहर नहीं था
प्रेम-पियाला पी गई मीरा
रूई-रूई धुनते-धुनते रूई हुआ कबीरा
लागी लगन ऐसी कि भस्म हुई काया
सब कुछ खोया, तब कुछ पाया.
_____________________






