डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
माता-पिता (दोहे)
मात-पिता हैं ईश सम, पूजे सकल जहान।
इनके ही अस्तित्व से, जन्में जग संतान।।
मात-पिता के स्नेह से, हो जीवन-निर्माण।
देकर निज आशीष ये, करते शिशु-कल्याण।।
गर्मी-वर्षा-शीत सह, हर-विधि रहते साथ।
चलना सीखे मनुज जग, पकड़े इनके हाथ।।
अन्न-वस्त्र-जल दे सदा, देते शिक्षा-ज्ञान।
पूजनीय हैं मातु-पितु, ईष्टदेव-भगवान।।
इनके ही सम्मान से, अपना है सम्मान।
इनका वंदन सब करें, होते ये कुल-शान।।
स्वस्थ स्वास्थ्य-उत्तम प्रकृति, निर्मल सोच-विचार।
मात-पिता से प्राप्त कर, सुख विलसे संसार।।
विविध कला-विज्ञान की, देकर अनुपम सीख।
शिशु-स्वभाव को मातु-पितु, करें मधुर जिमि ईख।।।






