डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
चलो, एक गाँव बसाएँ
चलो, एक गाँव बसाएँ
राग-द्वेष से दूर,चलो, एक गाँव बसाएँ।
जहाँ न हो कोई भीरु-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
सघन वृक्ष की छाँव जहाँ हो,
पोखर-नदी-तड़ाग जहाँ हो।
निर्झर-जल भर पूर-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
पंछी-कलरव-तान जहाँ हो,
सुघर-सुखद विहान जहाँ हो।
मिले प्रकृति का नूर-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
निर्भय-निडर रहें जहाँ सब जन,
विलसे सुख-सुक़ून जहाँ कण-कण।
ठुमके मन का मयूर-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
वाणी मधुर- मिठास भरी हो,
कुंठित मन न उदास कोई हो।
गम भी हो काफ़ूर-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
सुख-दुख जहाँ हो सबका अपना,
ध्येय एक हो मिल-जुल रहना ।
नहीं कोई हो क्रूर-चलो, एक गाँव बसाएँ।।
चलो, एक गाँव बसाएँ।।






