सुश्री सरोज कंसारी
शिक्षिका/लेखिका/कवयित्री
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
‘वर्णों के मेल से!’
(बालगीत)
──────────
वर्णों के मेल से शब्दों को सजाएं,
कोरे मन को अक्षरज्ञान सिखाएं।
अ अनार का लाल दाना रोज खाएं,
मीठे बोलकर सबका मन जीत जाएं।।
आ आम को बागों से तोड़ लाएं,
मुश्किल की घड़ी में कभी न घबराएं।
इ इमली की खटाई सबको ही भाये,
किसी का भूलकर भी दिल न दुखाएं।।
ई ईख को भी अब भूल न जाएं,
प्रीत की हर रीत मिलकर अपनाएं।
उ उल्लू रात में जागे सबको बताए,
नेकी के काम में सब आगे ही आएं।।
ऊ ऊन से चलो स्वेटर अब बनाएं,
भेदभाव की हर दीवारें तोड़ गिराएं।
ऋ ऋषि संतों की वाणी सुन आएं,
नफरतों को कोसों खुद से दूर भगाएं।।
ए एड़ी को स्वच्छ व मजबूत बनाएं,
मित्रता को हरपल दिल से निभाएं।
ऐ ऐनक को चलो आंखों में लगाएं,
ओ ओखली में कूट बादाम खाएं।।
औ औरत का मिलजुलकर मान बढ़ाएं,
सेवाकार्य कर आशीर्वाद सदा ही पाएं।
अं अंगूर के स्वाद को चखकर आएं,
अः अहह खुशनुमा माहौल बनाएं।।






