डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
जलाओ चराग
जलाओ चराग मिल के सभी,
फैला अभी भी अँधेरा है।
हर तरफ-हर दिशा व गली में-
दानव तिमिर का बसेरा है।।
तेल-बाती का दीपक जले,
मग़र ध्यान देना है इतना।
मन की इस गंदी बस्ती में-
भी रखना सदा उजेरा है।।
दानव तिमिर का………।।
सभ्यता के लबादे को ले,
कहें फर्क से हम श्रेष्ठ कृति हैं।
खेद है कि नहीं हम समझते-
छुपा इक अंदर सवेरा है।।
दानव तिमिर का………..।।
जला दीप अंदर का देखो,
बस, उससे छटेगा अँधेरा।
जब ज्योति अंदर की जलती-
तम लुप्त होता घनेरा है।।
दानव तिमिर का………।।
जलाते दशानन को नाहक,
अंदर का राक्षस जलाओ।
होगा जल के तुरत खाक़ वह-
बना पाप का जो डेरा है।।
दानव तिमिर का………..।।
ज्ञान-दीपक सब मिल जलाओ,
मिटेगा तिमिर जग से झट-पट।
बना जिसका है दबदबा भी-
महि को इसने ही घेरा है।।
दानव तिमिर…………।।
ज्ञान-दीपक बुझने न पाए,
उसे प्रेम-बाती भी देना।
मुमकिन न होगा तब फिर कभी-
लगता अघ का जो फेरा है।।
दानव तिमिर का बसेरा है।।






