हरी राम यादव
अयोध्या/लखनऊ (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आयी आजादी की सुबह
हमें मिली नहीं आजादी ऐसे,
पुरखों ने शीश कटाए हैं।
खाए लाठी, डंडे, कोड़े, हंटर,
फिर भी न शीश झुकाए हैं।
लेटे बरफ की सिल्ली पर,
पर न राज मित्रों का बताए हैं।
गोली गोली और काला पानी,
उनकी हिम्मत तोड़ न पाए हैं।
फौलादी जज्बे थे उनके,
उनके अपने सच्चे इरादे थे।
थी मंशा उनकी आजादी की,
वह नहीं किसी के प्यादे थे।
उनको मातृभूमि प्यारी थी,
वह सरल और सीधे साधे थे।
उन्हें पद प्रतिष्ठा की चाह नहीं,
बस जन्मभूमि से वादे थे।
वह झुके नहीं वह रुके नहीं,
न डरे ब्रितानी अत्याचारों से।
हर मोर्च पर लडे़ डटकर,
राह बना दी मोटी दीवारों से।
पौरुष के आगे भागे गोरे,
काम न चला तलवारों से।
आजादी में थोड़ी देर हुई,
अपने ही देश के गद्दारों से।
आयी आजादी की सुबह,
संग ले सुरभित सौगात।
मुस्काए आजादी के दीवाने,
देख अपना नवल प्रभात।
जन गण मन सब खुश हुए,
हरी चहके सबके गात।
गली गांव में लहराया तिरंगा,
गाए जय गान सब एक साथ।।






