राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
उम्र की दहलीज पर खड़े होकर,
रोज आईने से सवाल करते हो,
कभी काँच पर जमी धूल पोंछते नहीं,
चेहरे के बदलने का मलाल करते हो।
नासमझियों का भी इक मौसम हुआ करता था,
अब तो हर खता पर जमाना हिसाब अदा करता है,
और तुम हो कि हर ठोकर के बाद ठोकर खाकर
वही पुराना ख्वाब सजाते हो।
और कितनी नादानियाँ करोगे यार!
कभी काग़ज़ की कश्तियों में ख्वाब सजाते हो,
कभी सूखे पत्तों से छाँव की उम्मीद जगाते हो,
जिन्हें तुम्हारी खामोशी की चुभन तक महसूस न हुई,
उन्हें दास्तान-ए-दिल सुनाने रोज बैठ जाते हो।
वक़्त की मुट्ठी से रेत फिसल रही है हर -पल,
तुम हो कि रेत के महलों की बुनियाद बिठाते हो,
ज़रा देखो तो सही, धूप कितनी ढल चुकी है सर पर,
यूं ही, कब तक बादलों की परछाइयाँ तलाशोगे यार !
चलते-चलते राहों में जो मील के पत्थर आए,
उन्हें मंजिल का निशान समझ बैठे,
जो दो घड़ी मुस्कुरा कर आपके पास से गुजरा,
उसे अपनी जिंदगी का हमजबान समझ बैठे।
फ़रेब के बाजार में सच का मोल समझते हो,
काँटों की शाख से महकता गुलाब माँगते हो,
गजब! दिल को यूं ही कब तक बहलाओगे यार?
अब जरा संभल भी जाओ ‘रंजन’
नादानियों की भी इक हद तय कर लो,
सफ़र लंबा है और रात घिरने को है,
आशियाना एक दिन उझड़ने को है
रिश्तों की माला बिखरने को है,
समय कस सीधा सा संदेश है
टूटे दिल का चिराग़ कब तक जलाओगे यार।







