ब्यूरो छत्तीसगढ़ः सुनील चिंचोलकर।
रश्मि रामेश्वर गुप्ता, बिलासपुर छत्तीसगढ़।
प्रकृति का सानिध्य।
अब माँ की ईच्छा घूमने फिरने की होने लगी। माँ ये पूरी तरह भूल चुकी थी कि उनके दोनो पैर काम नही कर रहे। वो पूरी तरह से बाहरी दुनिया के खयालो में खोई रहती। जब भी मिनी उनके सामने आती तो सिर्फ एक ही बात दोहराती कि उन्हें बाहर जाने का मन होता है। मिनी के लिए ये संभव नही था कि अकेले उन्हें व्हील चेयर पर ला सके। चुकी अब शरीर भी भारी हो चुका था तो पति के साथ भी मिलकर बड़ी मुश्किल से उन्हें चेयर पर ला पाते थे क्योंकि माँ को पूरे अपने बल से ही बैठाना पड़ता था। माँ का स्वयं का कोई बल नही लगता था।
अब माँ के मस्तिष्क में पूरे समय यही चलता रहता कि उन्हें कमरे से बाहर निकलना है । इस अवस्था में भी लोग बच्चों की तरह व्यवहार करने लगते है ये मिनी ने सुना तो था पर उसे प्रत्यक्ष देख रही थी। मिनी माँ को समझाने की कोशिश करती कि माँ आपको कही भी ले के जाना है तो एम्बुलेंस बुलाना होता है। अगर आपको बाहर घूमने का मन हो रहा है तो घूमने जाने के लिए भी एम्बुलेंस बुलाना होगा। पर मां का मन माने कहाँ। थोड़ी देर के लिए चुप रह जाती पर उन्हें कैसे भी करके बाहर निकलना है ये बात उनके मन से निकलती नही थी।
पहले तो मिनी एम्बुलेंस के नाम से भी डर जाती थी परंतु मां के आने के बाद पता चला कि एम्बुलेंस से अधिक डरने की आवश्यकता नही। मिनी सोचती, एम्बुलेंस में घूमने तो नही जा सकते ना फिर मां को तो लेटे ही रहना है। कभी-कभी हालत भी कितनी अजीब हो जाती है। मिनी सोचती धन्य है श्रवण कुमार जिन्होंने अपने माता -पिता को कांवर में बैठा कर तीर्थों की यात्रा करवा ली। व्यक्ति नाहक़ ही कुछ भी नही सोचता, परिस्थितियां उसे सोचने पर विवश करती हैं।
माँ ने अब दूसरी तरकीब निकली। उन्हें पता चल गया कि बच्चों की परीक्षा हो गई अब गर्मी की छुट्टियां लगने वाली हैं। अब उन्होंने ज़िद पकड़ ली कि उन्हें बेटे के पास जाना है। यहाँ नही रहना। अब उनको ये लगता था कि कही भी ले चलो पर मुझे यहाँ से कही तो ले चलो। एक साल 7 महीने का समय बहुत होता है। इतने दिन अगर कोई अच्छा-खासा व्यक्ति एक ही कमरे में एक ही बिस्तर पर रहे तो ये स्थिति आनी स्वाभाविक है।
प्रकृति के सान्निध्य में ही सुख है। प्रकृति का सान्निध्य तो सभी को चाहिए, चाहे बच्चे हो, बड़े हो या बुजुर्ग। अब मिनी के सामने नई समस्या आ खड़ी हुई। अब मां को ले के जाए भी तो कहाँ?
जिसे फोन से कहो कि मैं मां को ले कर आ रही हूँ वही डर जाए कि कही मेरे यहाँ छोड़कर न चली जाए। मिनी अधिक से अधिक उनकी बहनों से उनके भाई भतीजों से फोन पर बात ही करवा सकती थी। सारे लोग सांत्वना देते तो यही कहते आपको वहाँ क्या तकलीफ है? वही रहो अभी कही आने जाने लायक स्थिति में आप नही हैं। कोई भी उनकी मनःस्थिति को समझने को तैयार नही था। और समझ भी लेते तो इस स्थिति में उन्हें रखने की जिम्मेदारी लेने की कल्पना भी बहुत बड़ी बात थी। सभी से फोन पर मां एक ही बात कहती की उन्हें बेटे के पास जाना है।
एक दिन मिनी ने भैया की बात माँ से करवाई। भैया से ये तीसरी बार बात हो रही थी। उन्होंने उनको सांत्वना दी कि यहाँ आके क्या करोगी वही रहो। मां कहने लगी कि मुझे मेरी पोती को देखना है। भैया बोले – “अभी होली का त्यौहार हो जाने दो, मैं बेटी को लेकर स्वयं ही आ जाऊंगा।” माँ के मन को थोड़ी शांति मिली।
अब माँ दिन-रात होली त्यौहार का इंतजार करने लगी। होली भी आ के चली गई। नवरात्रि भी आ के चली गयी, भैया नही आये। अब मां फिर जिद करने लगी मुझे मेरे बेटे से बात करना है वो आया क्यों नही अब तक?
मिनी को पता था कि वो रखना नही चाहते और मां जाना चाहती है पर करे तो क्या करे एक दिन फिर जब मां से बात करवाई तो माँ को फोन पर ही भैया डॉट दिए। जोर से चिल्ला कर बोले- “आज के बाद मुझे फोन लगाने की कोई जरूरत नही । मेरे से आज के बाद बात भी मत करना” कहकर फोन ही रख दिए।
कुछ दिन माँ शांत रही। कुछ दिनों के बाद फिर जाने की वही ज़िद। सारे लोग मां को समझा-समझा के थक गए पर माँ के दिमाग में अपने पैतृक घर को देखने की ईच्छा गांव के लोगों से मिलने की इच्छा जबरदस्त घर कर चुकी थी। इतना डांट खाने के बाद भी बेटे के पास जाने की जिद। अगर कोई कहता कि माँ वो आपको रखने के लिए तैयार नही तो माँ कहती कि मैं अपने सास-ससुर के घर चली जाऊंगी। वो मेरा घर है । वहाँ मैं अधिकार पूर्वक रह सकती हूँ। कोई अगर माँ को समझाते कि आपके दोनो पैर काम ही नही कर रहे तो कैसे रहोगी? माँ कहती कि नही मैं सब काम कर लूंगी। मैं रह जाऊंगी। माँ ये मानने को तैयार ही नही थी कि उनके पैर काम नही कर रहे है। मिनी ने सुना था कि इस उम्र में अपने घर के प्रति अपने लोगों के प्रति लगाव बढ़ जाता है । बुजुर्ग हमेशा अपने पैतृक घर को देखने की लालसा रखते हैं पर अब प्रत्यक्ष देख रही थी पर करे तो क्या करे ? पैतृक घर तो कबसे सुनसान पड़ा हुआ था। वहां माँ को ले जा के करती क्या ? घर की चाबी भी भैया के पास थी। वो भी कभी-कभी जाते थे। ……….क्रमशः








