डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
अमर मानव
मानव अमर वही जग रहता,
जिसमें करुणा रहती है।
‘देवतुल्य वह अद्भुत मानव’,
दुनिया उसको कहती है।।
मानवता का सेवक बनकर,
सदा भलाई करता है।
हर विपन्न का हाथ थामकर,
झोली उसकी भरता है।
उसके हिय में दया-सिंधु की,
अविरल धारा बहती है।।
देवतुल्य वह अद्भुत———-।।
कंटक भले बिछे हों पथ पर,
कभी नहीं वह रुकता है।
निर्मम मौसम के समक्ष भी,
नहीं कभी वह झुकता है।
विमल सोच उस दिव्य पुरुष की,
परहित,पीड़ा सहती है।।
देवतुल्य वह अद्भुत———-।।
सत्य-अहिंसा का वह पोषक
निर्बल-प्रबल सहारा है।
परम वेदना-पीड़ित जन का,
साथी सबसे प्यारा है।
उसकी जीवन रूपी बगिया,
मह-मह सतत महकती है।।
देव तुल्य वह अद्भुत————–।।
तजकर भौतिक निज स्वरूप को,
भले चला वह जाता है।
यश का गौरव-गान धरा पर,
छोड़ नहीं पुनि आता है।
दुनिया उसकी अमर कथा को,
निशि-दिन कहती रहती है।।
‘देवतुल्य वह अद्भुत मानव’, दुनिया उसको कहती है।।









