सुधा गोयल, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
आज की कविता
जब बेटियां लौटती हैं
जब बेटियां लौटतीं हैं ससुराल से
संभाल लेतीं हैं घर का सब काम
मां को देती हैं आराम
मां देखती है उसका प्यार
पाती है प्यारी सी फटकार
छलकता रहता है नेह
नम आंखों से
थरथराता हाथ लाखों दुआओं के साथ
पंहुच जाता है बेटी के सिर पर।
वही मां जो शादी से पहले
थामे रहती थी बेटी की लगाम
दौड़ा दौड़ा कर कराती थी काम
पल भर भी नहीं करने देती थी आराम
याद दिलाती थी सास के तानों की बात।
अब छीन लेती है मां के हाथ से काम
स्वंय ही निबटा लेती है सब काम।
जब बेटियां लौटतीं हैं ससुराल से
रोप जातीं हैं गमलों में पौधे
छितरा जाती हैं फूलों के बीज
बदल जाती हैं घर के चादर पर्दे
धो पोंछ जाती हैं पुराना सामान
ठोक जाती हैं हिलती कीलें
कस देतीं हैं ढ़ीले पड़े हैंडिल
अब बेटी को दीख जाते हैं सारे काम
मां की खुराक की बनाती हैं लिस्ट
ढ़ेर सी मेवा फल रख जाती हैं
छुपाकर मां की अलमारी में
बेटी बन जाती है मां
और मां एक नादान सी बच्ची।
मां को दे जाती हैं तोहफे में
गरम शाल,नी कैप,मोजे और मफलर
बेटियां संभाल लेतीं हैं मां को
एक बच्ची की तरह
ले जाती हैं डाक्टर के पास
चैक अप कराती हैं अच्छी तरह।
दवाई सिरहाने रख और समझा
अपना स्नेह लुटा बेटियां
फिर लौट जाती हैं अपनी ससुराल
डबडबाती आंखों को पोंछती
मुड़ मुड़ कर देखतीं हैं
फिर मिलने की उम्मीद में
मां के हाथ से भी छूट जाता है
एक उम्मीद भरा सपना
पता नहीं अब कब लौटेगी ससुराल से।









