उपन्यास मां – भाग 26 मां की जिद्द।

Spread the love

ब्यूरो छत्तीसगढ़ः सुनील चिंचोलकर।

रश्मि रामेश्वर गुप्ता, बिलासपुर छत्तीसगढ़

     

उपन्यास मां – भाग 26 मां की जिद्द।

लगभग 20 दिन मोनिका स्कूल आई फिर उसने बताया कि उसे शादी में कलकत्ता जाना होगा इसलिए वो शादी से आने के बाद ही फिर स्कूल आ पाएगी।

अब मिनी को घर में रहते देख फिर से माँ की जिद शुरू हो गई। मिनी ने अगला बहाना ढूंढा। मिनी ने माँ से कहा कि उसे अपने घर में सामाजिक मीटिंग करवानी है जो प्रति माह सबके घर में होती है उसे हो जाने दीजिए फिर ले के जाऊंगी। माँ की बाहर जाने की इच्छा इतनी प्रबल हो चुकी थी कि अब उनको एक-एक पल भारी लग रहा था। लगे भी क्यों न उनको बिस्तर पर रहते 23 महीने हो चुके थे। इतने दिन अगर किसी का बिस्तर पर बीते तो सोच कर ही रूह कांप जाती है। मां की जिद इतनी बढ़ चुकी थी कि मिनी ने समझाया उन्हें – “ठीक है माँ! मीटिंग जिस दिन होगी उसके दूसरे दिन ही चलेंगे।”

लगभग 1 हफ्ते में मीटिंग रखी गई। अब मीटिंग वाले दिन माँ की खुशी देखते बनती थी। मां लेटे-लेटे सबके गीत -भजन सुनी। ढोलक-मंजीरे के साथ समाज की सभी बहनों ने बहुत ही सुंदर भजन गाये। मां को भजन कीर्तन बहुत पसंद थे। मां जब ठीक थी तो मंदिर जाया करती थी और खूब रामायण पढ़ती थी। भजन भी गाया करती थी।

मिनी ने माँ को थोड़ी देर के लिए बिस्तर पर बैठाया था। माँ सबसे खुश होकर मिली। सबके गीत भजन भी सुनी। सभी बहने मां से मिली। मां ने सभी को आशीर्वाद भी दिया। मां इतनी खुश थी कि सबके कहने पर बहुत ही खुश होकर , बहुत मीठे स्वर में , एक भजन भी सुनाई- “हम आर्य समाज की लड़की हैं, पत्थर की पूजा कभी न किया……।” सभी को मां से भजन सुनकर बहुत अच्छा लगा। मां सबको बताने लगी कि मैं कल चली जाऊंगी। सभी ने मां को समझाने की कोशिश की कि वहां जाकर क्या करोगी, पर मां को तो बस एक ही धुन जाने की।

सभी मां को समझा के थक गए। सबने मिनी से कहा – “इस उम्र में सभी को अपने घर से लगाव होता है मिनी! ऐसा करो एक दिन मां को वहाँ ले जाओ। वैसे तो बेटे के रखने की उम्मीद नही के बराबर है। अगर रख ले तो ठीक, अगर नही रखे तो ले आना।”

बात तो ठीक था पर ये काम करना इतना भी आसान नही था।

अगले दिन एम्बुलेंस वाले को बुलाये तो वो भी नही आ पाया। अब मां पूरे दिन भर रोती रही। वो भी जोर-जोर से रोने लगी। मिनी ने बड़ी मुश्किल से मां को चुप कराया। उस दिन सौभाग्य से एक पंडित जी घर आये थे। उन्होंने मिनी को समझाया कि तुम एक बार ले ही जाओ, मां को वहाँ से घुमा लाओ।

भीषण गर्मी का दिन था, जब लोग चिड़ियों के लिए दाना पानी रख रहे थे। ए सी वाली एम्बुलेंस बुलाये और उन्हें आने और जाने दोनो का किराया दिए क्योकि ये तो तय था कि भैया मां को नही रखेंगे फिर भी मां की इच्छा तो पूरी करनी ही है ये सोच कर सुबह मिनी सर और बिटिया के साथ मां को लेकर घर से सुबह 6 बजे निकली।

सुबह 9 बजे भैया के घर के आगे एम्बुलेंस रुकी। भाभी ने जैसे ही देखा, उसने दरवाजा नही खोला, पहले भैया को बुलाने गई। भैया सो रहे थे। मिनी, सर और बिटिया तीनो एम्बुलेंस से नीचे उतर के खड़े थे। भैया आये एम्बुलेंस के पास, मां को देखने लगे।

शायद उन्हें लगा कि मां अब नही रही। इतने में माँ ने हाथ-पैर हिलाए डुलाए। उन्हें समझ आ गया ये तो जीवित है। अब उनका गुस्सा परवान चढ़ गया। उन्होंने मां से बड़े ही क्रोधित स्वर में पूछा- “कैसी है तबियत?”

मां ने बड़े प्यार से खुश होकर कहा- “मुन्ना। सब ठीक हो गया है रे! पर मेरा पैर अभी तक सीधा नही हो पाया।”

इतना सुनते ही भैया का दिमाग खराब हो गया। वो सीधे गाली देने लगे- “…………………… लोग मत ले जाओ बोला तो ले गए। मत लाओ बोला तो ले आये। जब जो मन आ रहा है वैसा कर रहे है। ले जाओ अब इनको। मेरे घर मे घुसने की कोशिश भी मत करना।”

मिनी, सर बेटी सब अवाक रह गए। ये तो पता था कि वो नही रखेंगे पर इस कदर गाली भी सुननी होगी, ये तो किसी ने नही सोचा था। तीनो चुप थे, ये सोचकर कि मां और बेटे को आज, जी भर के बात कर लेने दो।

मां ने सुना कि वो अपने घर के अंदर आने से मना कर रहे है। मां ने कहा- “अच्छा ठीक है! तुम मुझे नही रखोगे तो मुझे मेरे (पैतृक) घर की चाबी दे दो मैं वहाँ रह लुंगी।”

भैया कहने लगे- “हाँ हाँ ले लो।”

माँ कहने लगी- “पर वहाँ तो कुछ भी नही है, मेरे लिए थोड़ा बर्तन दे तभी तो।”

भैया कहने लगे – “वो तुम्हारे एम्बुलेंस में रखवा दिया हूँ।”

माँ कहने लगी -“अरे! मुझे ओढ़ने बिछाने के लिए कुछ देगा तभी तो।” भैया कहने लगे -“हाँ हाँ, वो भी एम्बुलेंस में डाल दिया हूँ।”

मां कहने लगी- “डाल दिया है ? तब ठीक है।अब मुझे चाबी भी दे दे।” भैया घर के अंदर गए और चाबी मां के हाथ में दे दिए। मां चाबी पाकर इतनी खुश हुई जिसकी कोई सीमा नही।

मिनी सर और बिटिया तीनो कलेजे पर पत्थर रख के ये दृश्य देख रहे थे। मां चाबी को हाथ में रखी बड़ी खुश हो रही थी। मां को लग रहा था कि बर्तन कपड़े सब मेरे बेटे ने एम्बुलेंस में रख दिए है फिर भी वो पूछी- “सब रख दिए है न तुमने?”

भैया कहने लगे – “हाँ हाँ वो तो तुम्हारे पास ही रखे है।”

ये सब नज़ारे मिनी के बर्दाश्त से बाहर हो रहे थे। मां ने आवाज़ दी- “मिनी! अब चल मुझे मेरे घर ले चल।”

मिनी मां के हाथो से चाबी ली और भैया के तरफ फेकते हुए बोली – “ले रख ले चाबी , हमें पता था यही होगा इसलिए हम वापसी की भी तैयारी कर के आये है।”

भैया चीखने लगे- “आये ही क्यो अपनी शक्ल दिखाने ?”

इतने में आजू – बाजू वाले भी आ गए। उनमे एक बुज़ुर्ग साहू जी भी थे। मिनी ने उन्हें पूरी बात बताई। भैया कहने लगे – “आखिर मां ने यहाँ आने की ज़िद ही क्यों की? निश्चित रूप से ये लोग मां को दुख दे रहे हैं इसीलिए तो। अगर खुश होती तो यहाँ आने का नाम भी नही लेती।”

सर ने साहू जी से कहा-“साहू जी! आप पूछिए माँ से, उन्हें वहाँ क्या तकलीफ है?”

साहू जी ने मां से पूछा – “आपको वहां क्या तकलीफ है?”

मां ने कहा- “साहू जी! आप मुझे ये बताइये कि मुझे अपने ही घर में आने के लिए किसी बहाने की जरूरत होगी क्या ? कोई मुझे दुख देगा तभी मैं अपने घर आऊंगी ऐसे नही आ सकती ?”

मिनी का हृदय तार-तार हो रहा था। उसे लग रहा था कि पूरे मीडिया वालो को बुला ले। मां की इच्छा पूरी करने के लिए वही धरने पे बैठ जाए पर इससे कोई फायदा होने वाला नही था। मिनी ने सोचा कि वो तो ये सब सह लेगी पर मां का क्या होगा? अब वो माँ को लेके कहाँ जाए? मेरी वजह से मेरे पति को गाली भी सुननी पड़ी ये बात उसके लिए असहनीय हो रही थी। भैया की गालियां बढ़ती चली जा रही थी।

मिनी ने मामा से विनती भी की थी कि वे साथ चलें पर उन्होंने बहाना बना दिया था। मिनी ने फोन करके अपने मामा मौसी को बताया। मौसी ने भी कहा – “रखले मुन्ना! कुछ नही होता, वो तेरी मां है।”

भैया ने जवाब दिया -“पूरी दुनिया तो क्या भगवान भी आ जाए तो इन्हें नही रखूंगा।”

भाभी बेटी को गोदी में लिए सब देख रही थी। मिनी ने तड़प कर कहा- “ईश्वर न करे तेरे भी दोनो पैर खराब हो जाए और तुझे भी बिस्तर पर दिन गुजारने पड़े, उस दिन मां को जरूर याद कर लेना। ईश्वर करे तेरी बेटी मर जाए ताकि उसे ये दिन देखना न पड़े।”

इतना सुनते ही उसने मिनी को धक्के देकर गिरा भी दिया।

सर और बिटिया ने आकर मिनी को उठाया। भैया कहने लगे- “हटाओ एम्बुलेंस को मेरे घर के आगे से।”

सर कहने लगे – “ये रोड तो सरकारी है न।”

मिनी ने कहा -“कोई मतलब नही, उनसे बात करने का। रोते हुए मिनी एम्बुलेंस में बैठी। सर और बिटिया को भी बैठाया। ड्राइवर भी हैरान। मिनी ने ड्राइवर से कहा- “चलिए भैया! वापस।”

एम्बुलेंस चल पड़ी। रास्ते में मां की भतीजी का घर था। मिनी ने कहा कि अब मैं आपको आपके पैतृक घर तो नही ले जा सकती, आप अपनी भतीजी से मिल लीजिये। रास्ते में ही मां की भतीजी का घर था। मिनी ने फोन करके दीदी को एम्बुलेंस पर बुलाया। दीदी आई। मिनी फुट-फुट कर रो रही थी। मां खुश होकर अपनी भतीजी से मिल रही थी। मिनी के आंसू रुक नही रहे थे। उसने कहा- ” बहुत बहुत धन्यवाद दीदी ! आप मां से मिलने एम्बुलेंस पर आये तो।”

दीदी ने बहुत जिद की, घर के अंदर चलो पर मिनी ने मना करते हुए दीदी से विदा ली। बस 5 मिनिट ही सही, दीदी से मिलकर मां खुश हो गयी।

मिनी के आँसुओ की झड़ी लगी हुई थी। उसे ये बात बहुत बुरी लगी कि मेरे कारण मेरे पति को गालियां भी सुननी पड़ी। मां को इन सब बातों से कोई मतलब नही था। उन्हें इस बात की खुशी थी कि उन्हें एम्बुलेंस में घूमने मिल रहा है । शायद इसी का नाम वृद्धावस्था है । एम्बुलेंस आगे बढ़ रही थी। मिनी रोते-रोते सोच रही थी कि अच्छा हुआ बेटा नही आया नही तो ये सभी दृश्य देखकर उसके बाल मन पर क्या प्रभाव पड़ता। बेटा बैगलोर गया हुआ था परीक्षा देने। मिनी को लग रहा था कि घर पहुचने से पहले ही ईश्वर उनके प्राण ले ले पर ये तो और उल्टा हो जाता। सर के सहारे मां को इस हालात में छोड़कर वो मर भी नही सकती थी और न ही उससे सर का ये अपमान ही सहन हो पा रहा था। पर बुज़ुर्गों का कहना है- “सह नाम शरीर का ही है।” शरीर वो सब कुछ सहन कर जाता है जिसे वो नही चाहता………………………………क्रमशः

 

  • Related Posts

    राधिका की प्रतीक्षा

    Spread the love

    Spread the love  चन्द्रमती चतुर्वेदी ‘चन्दू’                                               बस्ती, अयोध्या धाम    …

    वंधुत्व का दीपक

    Spread the love

    Spread the love  चन्द्रमती चतुर्वेदी ‘चन्दू’                                               बस्ती, अयोध्या धाम  …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    सोनिया गाँधी की किताब?

    • By User
    • November 13, 2026
    • 14 views
    सोनिया गाँधी की किताब?

    राधिका की प्रतीक्षा

    • By User
    • November 12, 2026
    • 14 views
    राधिका की प्रतीक्षा

    दुःखद खबर-सड़क दुर्घटना में मां बेटी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत।

    • By User
    • November 12, 2026
    • 12 views
    दुःखद खबर-सड़क दुर्घटना में मां बेटी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत।

    चीन के सोशल-मीडिया-इनफ्लूएंसर बांग्लादेश में गए और वहाँ की गंदगी को भारत की गंदगी दिखाने लगे।

    • By User
    • November 12, 2026
    • 13 views
    चीन के सोशल-मीडिया-इनफ्लूएंसर बांग्लादेश में गए और वहाँ की गंदगी को भारत की गंदगी दिखाने लगे।

    यही चीन की जासूस लड़की है जिसने एनवीडीया-कारपोरेशन के मालिक जैक्सन हुआंग को अपने प्रेम जाल यानी हनी ट्रैप में फंसा कर उनसे चिप बनाने की प्रक्रिया से लेकर कई डाटा चुरा लिए और चीन को दे दिए।

    • By User
    • November 12, 2026
    • 10 views
    यही चीन की जासूस लड़की है जिसने एनवीडीया-कारपोरेशन के मालिक जैक्सन हुआंग को अपने प्रेम जाल यानी हनी ट्रैप में फंसा कर उनसे चिप बनाने की प्रक्रिया से लेकर कई डाटा चुरा लिए और चीन को दे दिए।
    • By User
    • November 12, 2026
    • 8 views