राजेंद्र रंजन गायकवाड़
सेवानिवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक
बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
लघु कथा – लछमनिया।
लछमनिया पिछले एक सप्ताह से नहीं दिख रही थी। रोज़ सबेरे रोड पर हंसती – गाती बीच-बीच में रोने भी लगती । एक दिन अचानक एक होटल पर आकर बोली – दो दिन से भूखी है । घर में भी कुछ खाने को नहीं है। होटल वाले ने उसे नमकीन / बिस्किट का पैकेट दिया । नमकीन तुरंत खा लिया और बिस्किट का पैकेट लेकर चली गई।
मैंने होटल के स्टाफ से पूछा कि कौन है ये ? क्या समस्या है इसकी ? होटल के स्टॉफ वाले बताए – सर कुछ साल पहले एक कार में चार पांच अज्ञात शराबी उसको रोड से उठाकर दूर जंगल में उसके साथ वीभत्स बलात्कार किए और उसको मरणासन्न अवस्था में छोड़कर चले गए। रेंगते रेंगते वह रोड पर किनारे तक बेहोशी की स्थिति में पड़ी थी । जिसे सरकारी एंबुलेंस वाले दरिया दिल ड्राइवर ने देखा और उसको ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया और उसके घर वालों को इत्तला कर दिया।
कुछ दिन इलाज़ के बाद वो चलने फिरने लगी और वापस घर आ गई । लेकिन घर आकर उसके जीवन में कोई परिवर्तन नहीं आया। पति, बेटा – बेटी सब उसको घर पर ताने मारने लगे और एक दिन ऐसा आया कि पति भी घर छोड़कर चला गया। अकेला बेटा इधर-उधर घूमता रहता है। लड़की की भी जैसे – तैसे शादी कर दी वो ससुराल चली गई।
एक सप्ताह से लक्षमनिया का कहीं कोई अता पता नहीं है। उसका पति और पुत्र भी गायब रहते हैं । कोई उनसे पूछे तो बोलते हैं – उसको कहां और कैसे खोजे ? और उसकी दवाई कौन कराएगा ? इसकी ज़िंदगी को कैसे और कौन संभालेगा? ऐसे यक्ष प्रश्न का उत्तर किसके पास है ? शायद किसी के पास नहीं,,,क्योंकि आज भी अनगिनत लछमनिया शहर / गांव के चौराहे पर अपाहिज़, लाचार भीख मांगती दिख जातीं हैं। उनका खानपान, रहने की व्यवस्था,समुचित देखभाल, रक्षा / सुरक्षा कैसे और कहां हो सकती है?
सचमुच महिलाओं की ज़िंदगी में बहुत कुछ बदला है महिला-दिवस के अवसर पर बहुत सारे लोग बड़े बड़े बैनर लगाकर महिलाओं के अधिकार कर्तव्य की बात करते हैं। फोटू खिंचवा कर वाहीवाही लूटते हैं लेकिन ऐसी गरीब भूखी, प्यासी, भटकती महिलाओं को जीने का सहारा कौन और कब देगा ? हो सकता है कि फिर खबर मिले कि किसी रोड पर लछमनिया की लाश मिली।






