ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
पन्द्रह हजार किलोमीटर की दूरी तय की साइकिल से और किए बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा नगर निवासी राहुल शाह, किरखाना बाजार में रहते हैं। उनके पिता श्री भुवन लाल शाह अशोक होटल कारखाना बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं। पिछले वर्ष साइकिलिस्ट राहुल रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे थे लेकिन वहां प्रभु राम (मंदिर) के दर्शन के बाद उनकी यात्रा और ज्यादा श्रृद्धा भक्ति की तरफ प्रेरित हो गई।वे प्रभु राम की भक्ति भावना में लीन होकर नंगे पांव और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद लगभग सत्रह माह में पन्द्रह हजार किलोमीटर साइकिल यात्रा कर बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, यात्रा मार्ग में पड़ने वाले शक्तिपीठों, मंदिरों, देवालयों में दर्शन, पूजा-अर्चना व भक्ती की।
लगभग सत्रह माह बाद वापस घर लौटे राहुल ने बुधवार को अपने निवास पर एक प्रेसवार्ता में ये जानकारी साझा की। पैंतीस वर्षीय राहुल पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। उन्होंने कई शहरों में नौकरी की लेकिन साइकिलिंग के शौकीन राहुल ने नौकरी छोड़ दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022में उन्होंने अल्मोड़ा से गोवा तक एक तरफ 2400किलोमीटर की साइकिल यात्रा की। इसके बाद जून 2023 में अल्मोड़ा से केदारनाथ तक साइकिलिंग की।
उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023अल्मोड़ा से अमरनाथ तक 3600किमी का सफर साइकिल से तय किया।दस जनवरी 2024 को राहुल अल्मोड़ा से प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या को निकले। उन्होंने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन करने के बाद अल्मोड़ा वापस लौटने की योजना थी लेकिन भगवान की भक्ति भावना में लीन होकर वे केदारनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद शेष एकादश ज्योतिर्लिंगों की यात्रा का संकल्प ले लिया और आगे की यात्रा पर साइकिल से ही निकल पड़े।
उन्होंने बताया कि अयोध्या के बाद वह काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, ममलेश्वर, ओंकारेश्वर, त्रयंबकेश्वर, घूश्मेश्वर, भीमाशंकर, मल्लिकार्जुन, तिरुपति बालाजी, श्रीशैलम, रामेश्वरम, सोमनाथ, द्वारिकापुरी, शिरडी आदि तीर्थस्थलों की यात्रा पर निकल पड़े। उन्होंने बताया कि इस दौरान मार्ग में पड़ने वाले शक्तिपीठों, मंदिरों व अनेक देवालयों के दर्शन भी किए। रास्ते में तमाम सम विषम परिस्थितियों के बाद भी भगवान की अनुकम्पा से उनका साहस नहीं टूटा।
उन्होंने बताया कि इस लंबी यात्रा के दौरान तमाम जगहों के कई लोगों, समाजों, संस्कृतियों, रीति रिवाजों, खान पान, सामाजिक विषमताओं और प्रकृति से बहुत कुछ सीखने को मिला और इस दौरान साथ में न होने के बाद भी माता पिता का भरपूर सहयोग व आशीर्वाद मिला।









