ब्यूरो बिलासपुर, छत्तीसगढ़ः सुनील चिंचोलकर।
दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से किया शिक्षकों का सम्मान
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ः शिक्षक दिवस के अवसर पर सुवानी शिक्षण समिति द्वारा संचालित सुवानी स्कूल फॉर स्पेशल चिल्ड्रन में विशेष आयोजन किया गया। इस विद्यालय में अध्ययनरत मूकबधिर एवं मंदबुद्धि दिव्यांग बच्चों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने कविताएं, गीत और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार देवाशीस चटर्जी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों के बीच समय बिताना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। राधा फाउंडेशन की अध्यक्ष राधा सिंह तथा सुवानी शिक्षण समिति के सचिव श्याम तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
विद्यालय के प्राचार्य राजा आर.जे. सिंह ने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। मंच संचालन गणेश सिंह ने किया। समिति के सचिव श्याम तिवारी ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और राधा सिंह ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए शिक्षकों के योगदान को विशेष बताया।






