ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
तीन दिनी साहित्य महोत्सव का आज से होगा अल्मोड़ा में शुभारंभ।
अल्मोड़ाः ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की ओर से 10 अक्टूबर से मल्ला महल अल्मोड़ा में तीन दिनी साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान महोत्सव में चालीस से अधिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। महोत्सव में कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्पॉट लाइट सेशन होगा, जो प्रसिद्ध लेखक मनोहर श्याम जोशी पर केन्द्रित रहेगा।
ट्रस्ट और अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल का अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने बृहस्पतिवार को मल्ला महल में हुई प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ ललित पांडे होंगे।
इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित लेखक, कवि, कहानीकार, प्रकाशक जैसे सुदीप सेन, शैलेश भारतवासी, देवदत्त पटनायक, पुरुषोत्तम अग्रवाल, सुमन केशरी सहित अनेक चर्चित हस्तियां भाग लेंगी।
मुवा प्रतिभाओं के लिए ओपन माइक सेशन और विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी। बच्चों के लिए एक विशेष खंड रखा गया है जिसमें स्टोरिटेलिंग, कहानी लेखन और वित्तीय साक्षरता जैसे विषयों पर रोचक गतिविधियां होंगी। हिमालयन मोनाल स्टूडियो के साथ फिल्म पर और पद्मश्री अनूप शाह, जयमित्र के साथ फोटोग्राफी कार्यशाला होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फाग दर्शन, होली गीत कार्यक्रम, प्रभात सह गंगोला, सरोद वादन स्मित तिवारी प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर लोक गायक दीवान कनवाल अपनी प्रस्तुति देंगे।
मुख्य फेस्टिवल से पूर्व अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल टीम की ओर से हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा फेस्टिवल के दौरान की जाएगी।
इस अवसर पर वहां संयोजक विधायक पंत, सह निदेशक डॉ. दीपा गुप्ता, कोर टीम सदस्य मनोज गुप्ता, मनीष आदि लोग मौजूद थे।








