सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
”साहित्य वह साधना है जो हृदय को करुणा से सींचकर इंसान को संवेदनशील व उसके जीवन को सार्थक बनाता है” : सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————-
साहित्य हमें वह दर्द महसूस कराता है जो हमने खुद नहीं झेला। जब हम दूसरे के दुख को अपना समझने लगते हैं, तो हमारा अस्तित्व सार्थक होने लगता है। मनुष्य एक अनसुलझी पहेली है और उसका अस्तित्व जल के बुलबुले सा क्षणभंगुर। अहंकार के धुंधलके में जब दृष्टि धुंधलाती है, तब मनुष्य को उसकी निर्बलता ही आत्मबोध का दर्पण दिखाती है। जीवन के इस सफर में, कई कठिनाइयां आती हैं। इंसान वही जो हर परिस्थिति से लड़ने के लिए तैयार रहें। अपने लिए तो सब जीते हैं, रोज वही दिनचर्या। मजा तो तब है जब व्यस्त रहकर भी हम अपने परिवार, समाज व देश के हित में कुछ कर गुजरने के लिए तैयार हो जाएं, वरना पशुतुल्य जीवन का कोई मोल नहीं। हर मनुष्य की अपनी सोच है, इच्छाएं हैं जिसे पूरी करने की वे प्रयास करते हैं, हर चाह को मंजिल मिले जरूरी नहीं लेकिन प्रयास कभी विफल नहीं होता। कला ही तो है जिंदगी, जिसमें कई पहलू हैं। जिन्हें जीने का कला आ गया, वह फिर कभी अकेला नहीं होता, हर लम्हा उसके लिए हसीन और यादगार होता है। जीवन के कोरे पन्ने में अपनी एहसासों को उकेरने का सभी का अपना अंदाज है। जिसे पढ़कर, सुनकर और देखकर सीखते हैं, यह प्रक्रिया आजीवन चलती है। वैसे तो जीवन के विभिन्न रंग हैं, जो हमें अपने पसंद के रंग चुनने के लिए प्रेरित करते हैं। खुशी और गम के साथ ही जुड़ी होती हैं, सुखद यादों के स्पर्श, स्नेह, करुणा, दया, सहयोग, ममता, वात्सल्य, अपनत्व ये सभी अनोखे रंग हैं, जो हमें मजबूती प्रदान करते हैं। उत्साह और उमंग की नई तरंग देते हैं, झूमने, उछलने व कूदने की वजह इन्हीं से मिलती है। इन सबमें जो मौजूद होता है, वह है प्रेमरंग जो बहुत ही पक्का होता है, जो एक बार चढ़ गया तो कभी उतरता नहीं। प्रेम के रंग के आगे सारी नफरत धूल जाती है और सारी खुशियां कदमों में होती हैं। इसका रंग गहरा और प्यारा होता है जिसकी जरूरत सभी को होती है। जिंदगी हसीन और बेहद रंगीन हो जाती है। जीवन के कठिन पाठ्यक्रम को सरल बनाने के लिए इसे दिल की गहराई से पढ़ना जरूरी है। पढ़कर उसे समझना, जब समझ आ जाए तब अपने हृदयगत भावनाओं से जिंदगी के कोरे पन्ने में, अपने अनुभव की स्याही से कर लीजिए साहित्य सृजन, अपनी मनपसंद विधा में। जीवन के रंग साहित्य के संग बहुत खूबसूरत हो जाते हैं। जहां आप कभी तन्हा, उदास और नीरस नहीं हो सकते। हर पल आपकी यादों में, बातों में, सोच में, आपके अपने होते हैं जो स्पर्श करते हैं एहसास को। जिसमें हम कल्पनाओं को एक उड़ान देते हैं। मन में उठती हर हलचलों को बयां करते हैं। सृजन से हर पल शब्दों के समन्वय से, एक नए अर्थ का आविष्कार होता है। भावुक हृदय की संवेदनाओं को अल्फाजों से संजोते हैं। जिसे पढ़कर किसी उदास चेहरे में खुशियां लौट आती हैं। साहित्य ही संसार है, जिसमें हर कठिन प्रश्न का जवाब है, जब तक हममें मानवीय भाव नहीं होगी, हम हकीकत कभी लिख नहीं सकते। “साहित्य जीवन का श्रृंगार है”। जिसके सानिध्य में अतृप्त मन शांत होती है। जहां कभी थकान नहीं होती, मन कभी व्यथित नहीं होता। साहित्य एक सही पथप्रदर्शक होता है, जो मन में उठ रही असमंजस के भाव को सही दिशा प्रदान करता है। जीवन के किसी मोड़ पर जब ठोकरों से बेरंग सी लगती है दुनिया, मिलता नहीं कहीं कोई किनारा, मजधार में होती है जीवन की नैया तब एक उम्मीद एक विकल्प के रूप में साहित्य की साया रंगीन करती है, हमारी हर सुबह और शाम को। साहित्य में डूबकर ही अलौकिक आनंद की प्राप्ति होती है। जिसमें हर उलझन का हल होता है, जरूरत होती है गहराई में जाकर उसे धारण करने की। साहित्य एक साहित्यकार की साधना, तपस्या और आ, आस्था का प्रतिफल होता है। जब आप भटक जाएं मंजिल की राह, थक जाएं जीवन के सफर से, भर जाएं आपका मन सांसारिक विडंबनाओं से, चोट पहुंचे अपनों से, धोखे मिले रिश्ते-नातों से ऐसी स्थिति में एक बार थामकर देखिए! साहित्य का दामन। पढ़कर देखिए – करुण कहानी, दर्द, पीड़ा, कराह, चीख, चाह, ख्वाहिश सबकुछ होता है। हर रंगों से सरोबार है, साहित्य का यह संसार। फ़ुरसत में कभी पलटकर देखिए पन्ने। गीत, गजल, कहानी, नाटक, संस्मरण, उपन्यास, कविता और भी कई अनमोल विधाएँ जो बोझिल जिन्दगी में, आत्मीयता और असीम खुशियाँ भरने के लिए सहायक होगी।
–——————————————






