ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
नगर निगम चुनाव की तैयारी विधिवत तरीके से करे पार्टी- कर्नाटक।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा नगर निगम बनाए जाने के बाद अब चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा है कि अल्मोड़ा नगर पालिका को नगर निगम बनाने का वह स्वागत करते हैं लेकिन नगर निगम बनाने के बाद किस कार्य योजना के अंतर्गत काम होगा यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने अल्मोड़ा नगर पालिका की लंबे समय से चली आ रही बदहाली की हालत को देखते हुए यह लगता है कि नगर पालिका को नगर निगम बना देने से स्थानीय जनता को कोई फायदा नहीं होगा। जबतक अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में लिए कोई ठोस कार्ययोजना तैयार नहीं की जाती तब तक नगर का विकास संभव नहीं है।
श्री कर्नाटक ने कहा कि बेहतर ये होता कि पहले पूर्ण रूप से नगरपालिका का विकास होता उसके बाद नगर निगम बनाया जाता। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम के लिए एक ठोस रणनीति के तहत कार्ययोजना तैयार की जाएगी जिसमें अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र का व्यवस्थित रूप से विकास हो पाएगा।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने नगर निगम के चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है लेकिन यहां पार्टी को जगाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व अल्मोड़ा में पार्टी के चुनाव प्रभारी आए थे लेकिन इसकी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी तथा एक ठोस रणनीति के तहत कार्य करेगी जिससे नगर का विकास सुचारू रूप कर सकेगी।








