सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख
‘कलयुग की चुनौतियाँ व समाधान!’
-सुश्री सरोज कंसारी
______________________________
आज के समय में हम जिस दौर से गुजर रहे हैं, वह कलयुग है। इस युग में बुराइयाँ अपनी चरम सीमा पर हैं। हर मन में द्वंद, तनाव, और दुख की अधिकता है। लोग एक दूसरे को सुनने और समझने की क्षमता खोते जा रहे हैं। रिश्ते, नाते, व्यवहार, और मित्रता की कोई कद्र नहीं है। आत्म गहराई से प्रेम अब बहुत कम देखने को मिलता है।
आज के मनुष्य में सहनशीलता इतनी कम है कि जरा सी बात पर मारने-मरने, लड़ने, बहस-विवाद के लिए उतारू हो जाते हैं। ऐसे माहौल में जीवन को सुखी, शांत, और संतुष्ट कर पाना थोड़ा कठिन अवश्य है। लेकिन अगर हम धर्म, आध्यात्म, और नैतिक आचरण को अपना पाएं, तो यह मानव जीवन व्यर्थ नहीं जाएगा।
कलयुग में सत्य तथा ईमानदारी का सर्वत्र अभाव होता जा रहा है। झूठ, धोखा, और हिंसक कार्य बढ़ते जा रहे हैं। लोग अपने सुख स्वार्थ के लिए कोई भी अपराधिक, अमानवीय आचरण और कार्य करने में डरते नहीं हैं।
जीवन को बेहतर बनाने के लिए, आज हमें अंत:करण की शुद्धता के साथ मानसिक शांति के लिए ईश्वर की भक्ति, श्रद्धा, साधना, त्याग, तपस्या, सेवा, दान, दया, और समर्पण से पूर्ण जीवन निर्वहन की जरूरत है। हमें एकाग्र होने और सदकर्म की ओर अग्रसर होने के लिए आत्म पुकार अवश्य सुननी चाहिए। भगवान पर अटूट विश्वास रखना चाहिए, उनसे नाता सच्चा होता है।
कलयुग में जीवन को साकार करने के लिए हमें हर पल जागरूक रहने की जरूरत है। हमें अपने जीवन में सकारात्मकता और सदाचार को अपनाना चाहिए। हमें अपने मन को भटकाव से बचाना चाहिए और अति क्रोध की स्थिति से बचना चाहिए। हमें रिश्तों की अहमियत समझनी चाहिए और उन्हें ईमानदारी से निभाना चाहिए। सत्य की हर हाल में जीत होगी, यह तय है।
______________________________






