पीयूष गोयल (दादरीवाला)
दादरी, गौतमबुद्धनगर
(नया अध्याय, देहरादून)
(शहर)
एक गाँव में 12 वीं कक्षा के सरकारी स्कूल में एक बहुत ही कर्मठ ईमानदार प्रधानाचार्य अपने परिवार के साथ रहते थे, जिनके एक बेटा और एक बेटी थी जो बहुत ही होशियार थे। समय बीतता रहा, बिटिया का चुनाव सिविल सर्विस में हो गया और बेटे की भी नौकरी एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कंप्यूटर अभियंता की लग गई. प्रधानाचार्य ने अपनी बेटी की शादी बड़े ही धूम धाम से की, बेटा भी नौकरी के लिए शहर चला गया, अब गाँव में सिर्फ प्रधानाचार्य व उनकी पत्नी रह गये। प्रधानाचार्य जी की जिद थी कि मैं दामाद व बहु गाँव से ही लूँगा और उन्होंने ऐसा ही किया, स्वाभाविक हैं दोनों पढ़े लिखे ही लिए होंगे। एक दिन अचानक प्रधानाचार्य जी की पत्नी का स्वर्गवास हो गया, पूरे गाँव में जैसे मातम सा छा गया, सब कुछ सामान्य होने में समय लगा, बेटा, बहु, दामाद व बेटी बड़े ही भावुक मन से पिता जी से बोले, पिता जी अब आप अकेले कैसे रहोगे, आप कुछ समय भाई के पास रहना और कुछ समय मेरे पास…. सभी फूट फूट कर रो रहे थे। पिता जी ने अपने बच्चों की बात मान ली, हाँ बेटा जैसा तुम लोग कहो। बड़े ही कच्चे मन से बेटे के साथ चल दिये उस शहर की और जिस शहर में बेटा नौकरी करता था। बहु और बेटा दोनों बहुत ख़्याल रखते थे, एक दिन अचानक प्रधानाचार्य जी की तबियत खराब हो गईं, अस्पताल में भर्ती कराया गया, कई दिनों बाद होश आया और अपने लायक बेटे और बहु को बुलाया बेटा शहर में तो मैं जल्दी मर जाऊँगा, तुम लोग 8 वीं मंजिल पर रहते हो, लिफ्ट से आना जाना (मैं तो चलाना भी नहीं जानता), और तुम दोनों नौकरी पर चले जाते हो, पूरे दिन अकेला ही रहता हूँ। बेटा अगर तुम मुझे और जिंदा देखना चाहता हो तो तुम मुझे ले चलो “शहर से गाँव की ओर”।






