सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा/राजिम, रायपुर
(छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
धैर्य और संतोष: अंतरात्मा की अजेय शक्ति!
: सुश्री सरोज कंसारी
————————————————-
“नदी सा धैर्य हो, और समंदर सा संतोष,
तभी थमेगा जिन्दगी का व्यर्थ का आक्रोश।”
यह जीवन की, यात्रा महज मीलों का फासला तय करना नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर के शोर को शांत करने की एक साधना है। इस साधना के दो सबसे चमकदार रत्न हैं— धैर्य तथा संतोष। जहाँ धैर्य हमें समय की कसौटी पर टिके रहने का साहस देता है, वहीं संतोष हमें मृगतृष्णाओं से बचाकर वर्तमान के परमानंद से परिचित कराता है।
धैर्य केवल प्रतीक्षा करने का नाम नहीं है, बल्कि प्रतीक्षा के दौरान अपने उत्साह और विश्वास को जीवित रखने की कला है। यह वह शक्ति है जो बीज को वृक्ष बनने तक का संघर्ष सहने की क्षमता देती है। दूसरी ओर, संतोष का अर्थ ‘प्रयासों का त्याग’ नहीं, बल्कि ‘परिणामों का स्वीकार’ है।
यदि हम प्रकृति की ओर दृष्टि डालें, तो वह धैर्य का सबसे बड़ा जीवंत प्रमाण है। एक ऋतु के बाद दूसरी ऋतु का आना, एक नन्हे से बीज का अंकुरित होकर विशाल वटवृक्ष बनना या पर्वत से निकली नदी का मीलों का पथरीला रास्ता तय कर सागर में मिलना—यह सब बिना किसी जल्दबाजी के होता है।
प्रकृति सभी को सिखाती है कि ‘समय से पूर्व और भाग्य से अधिक’ कुछ नहीं मिलता। जब मनुष्य प्रकृति के इस नियम को आत्मसात कर लेता है, तो उसके भीतर का उद्वेग शांत हो जाता है।
धैर्य और संतोष उसकी सफलता की नींव हैं। कड़े परिश्रम के बाद भी जब अपेक्षित परिणाम तुरंत प्राप्त नहीं होते, तब ‘धैर्य’ ही उसे टूटने से बचाता है और निरंतर अभ्यास की प्रेरणा देता है। वहीं ‘संतोष’ उसे दूसरों से व्यर्थ की तुलना करने के बजाय, अपनी क्षमताओं पर भरोसा करना सिखाता है।
यह वह मानसिक संतुलन है, जो मनुष्य को सफलता के शिखर पर अहंकारी होने से रोकता है और…विफलता की गर्त में उसे अवसाद से बचाता है। दार्शनिक दृष्टिकोण से देखें तो धैर्य ‘समय’ पर, विजय है और संतोष ‘इच्छाओं’ पर। जब ये दोनों मिल जाते हैं, तो मनुष्य विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहता है।
धैर्य तथा संतोष कोई जन्मजात गुण नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास से प्राप्त होने वाली मानसिक अवस्थाएँ हैं। हमें अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत रहना चाहिए, लेकिन उनकी प्राप्ति के लिए, बेचैन नहीं। जब हम फल की चिंता छोड़कर केवल कर्म की पवित्रता पर ध्यान देते हैं, तब हमारे जीवन में उस शांति का उदय होता है जिसे ‘परम सुख’ कहा गया है।
“धैर्य व संतोष का, दीप जलाए चल,
कांटों भरी राहों में भी, तू खुशियों के फूल खिलाए चल।
बस तू अपने भीतर के इस विश्वास को जगाए चल।”
———————————————–






