संवाददाता कानपुर उत्तर प्रदेशः दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)

नशा मुक्ति से ही सुरक्षित होगा बचपन का भविष्य: ज्योति बाबा
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी में बच्चों को नशे, अवसाद और मोटापे से बचाने का आह्वान
कानपुरः विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “भविष्य के रोगों के अंधकार से बचपन को बचाएं” रखा गया, जिसमें समाजसेवियों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख एवं एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डधारी योग गुरु श्री श्री ज्योति बाबा ने कहा कि भारत में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में देश में कैंसर से लगभग 17,000 बच्चों की मौत हुई, जो विश्व में सर्वाधिक है।
ज्योति बाबा ने “लैंसेट कमीशन ऑन एडोलिसेंट हेल्थ” की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2030 तक दुनिया में एक अरब से अधिक किशोर ऐसे देशों में रहेंगे, जहां डिप्रेशन, मोटापा और गंभीर चोटें उनके जीवन के लिए बड़ा खतरा बनेंगी।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह विकराल रूप ले लेंगी।
पहला खतरा: नशे के कारण मानसिक स्वास्थ्य संकट
दूसरा: जंक फूड और निष्क्रिय जीवनशैली से बढ़ता मोटापा
तीसरा: सड़क दुर्घटनाएं, हिंसा और सुरक्षा संबंधी खतरे
हिंदू जागरण मंच के पीयूष मिश्रा ने कहा कि आज के समय में साइबर बुलीइंग जैसे डिजिटल खतरे भी बच्चों की सुरक्षा को प्रभावित कर रहे हैं।
राष्ट्रीय अटल आरोग्य संघ के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि 2070 तक जनसंख्या 11.7 से 12.4 अरब के बीच पहुंचती है, तो इसके गंभीर पर्यावरणीय परिणाम होंगे, जिससे बीमारियों का खतरा और बढ़ेगा।
डॉ. आर.सी. शर्मा ने कहा कि समाज में ऐसे डॉक्टर वंदनीय हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की न केवल सेवा करते हैं, बल्कि उनके इलाज और दवाओं का खर्च भी उठाते हैं।
लखनऊ से आए डॉ. धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जहां सेवा, संवेदना और समर्पण होता है, वहां स्वास्थ्य अपने आप बेहतर होता है। हेल्थ एक्टिविस्ट गीता और सोशल एक्टिविस्ट मयंक त्रिपाठी ने भी स्वास्थ्य को संवेदना और विश्वास से जोड़कर देखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन साकेत सिंह व उपेन्द्र मिश्रा ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अतुल कुमार मिश्रा ने दिया।
अंत में ज्योति बाबा ने सभी उपस्थित लोगों को “नशा मुक्ति युवा भारत” के लिए संकल्प दिलाया।







