संवाददाता कन्नौज उत्तर प्रदेशः दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत कन्नौज में जन चौपाल लगाकर महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी।
कन्नौज।महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत जनपद कन्नौज में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में जन चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान थानों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने गांव, कस्बों, मोहल्लों, बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विशेष जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने के उपाय बताए।इसके साथ ही कार्यक्रम में पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में बेझिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।







