सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
भगवती चण्डिका की महिमा पर आधारित तुंगेश्वरी विधाते आरती यूट्यूब चैनल पर हुई लांच।
ऊखीमठः तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता–फलासी में जगत कल्याण हेतु तपस्यारत भगवती चण्डिका की महिमा का गुणगान करने वाली धार्मिक आरती तुंगेश्वरी विधाते शुक्रवार को विधिवत रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर लॉन्च हो गयी है। भगवती चण्डिका की आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती यह आरती क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बन गयी है।
यह आरती “तुंगनाथ होम स्टे” यूट्यूब चैनल के माध्यम से रिलीज की गयी, जिसमें स्थानीय संस्कृति, परंपरा और देवी श्रद्धा की गहरी झलक देखने को मिल रही है। आरती के माध्यम से भगवती चण्डिका की तपस्या, महिमा उनके आशीर्वाद और क्षेत्र के लोकजीवन पर उनके प्रभाव को अत्यंत भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया है। आरती के बोल प्रसिद्ध लोक रचनाकार बलदीप बर्त्वाल द्वारा लिखे गए हैं, जिनमें भगवती चण्डिका की दिवारा की परंपरा, देवी की कृपा और दिवारा गमन की पौराणिक कथा को सुंदर शब्दों में पिरोया गया है। वहीं, इस भजन को स्वर देने का कार्य दिव्या सेमवाल पुरोहित ने किया है । भजन की रिकार्डिंग आशीर्वाद स्टूडियो मलेथा टिहरी गढ़वाल में की गयी जबकि प्रवीण पंवार ने आरती को संगीत दिया तथा मुकेश करासी द्वारा फोटो चित्र विडिओ सहयोग किया गया। लेखक बलदीप बर्त्वाल के अनुसार भगवती चण्डिका की महिमा , दिवारा यात्रा व महा बन्याथ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। भगवती चण्डिका की महिमा पर आधारित आरती तुगेश्वरी विधाते को सोशल मीडिया के माध्यम से जन – जन पहुंचाने में सौड भटगांव निवासी जितेन्द्र सिंह बर्त्वाल व फलासी निवासी जयपाल सिंह नेगी ने विशेष सहयोग किया है। भगवती चण्डिका की महिमा पर आधारित आरती के लॉन्च के साथ ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इसे सोशल मीडिया पर लगातार साझा कर रहे हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पहल को क्षेत्र के प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा भी सराहा जा रहा है। उनका मानना है कि इस प्रकार के प्रयासों से लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। लेखक बलदीप बर्त्वाल ने बताया कि आगामी दिनों में भगवती चण्डिका की महिमा, घर दिवारा चारों दिशाओं के भ्रमण से जुड़े अन्य धार्मिक कार्यक्रमों एवं भजनों का भी प्रसारण किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस पावन आयोजन से जुड़ सकें। भगवती उमा चण्डिका की महिमा का यह आरती निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की नई ऊर्जा का संचार करेगा। लेखक बलदीप बर्त्वाल के प्रयासों की जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश नेगी, प्रधान हेमा नेगी, अखिलेश नेगी, आजाद खत्री, दलेप सिंह सजवाण, सरोजनी देवी ने भूरी – भूरी प्रशंसा की है।








