संवाददाता आगर-मालवा:गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी से भरा ट्राला जब्त व करीब 200 क्विंटल बबूल एवं नीलगिरी की लकड़ी सहित वाहन पकड़ा गया।
आगर-मालवा: वन विभाग द्वारा अवैध लकड़ी परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 200 क्विंटल अवैध काष्ठ से भरा एक ट्राला जब्त किया गया है। कार्रवाई वन संरक्षक उज्जैन श्री आलोक पाठक के निर्देशन तथा वन मंडलाधिकारी शाजापुर श्रीमती हेमलता शाह एवं उपवनमंडलाधिकारी आगर श्री फतेसिंह निनामा के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 मई 2026 को परिक्षेत्र अधिकारी आगर को मुखबिर से अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र अधिकारी आगर श्री चंदर सिंह पंवार द्वारा वन अमले का दल गठित कर ग्राम काल्याखेड़ी से लालगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी की गई।
वन विभाग की टीम ने रात्रि लगभग 9:30 बजे ट्राला क्रमांक RJ02GB4168 को रोककर जांच की, जिसमें बबूल एवं नीलगिरी की गोल लकड़ी लगभग 200 क्विंटल मात्रा में अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाई गई। मौके पर वाहन सहित अवैध काष्ठ को जब्त कर लिया गया।
वाहन चालक देशराज सेनी पिता उंकार सेनी, निवासी चिपारी पोस्ट हरसोरा, तहसील बानसुर, जिला अलवर (राजस्थान) के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा मध्यप्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2022 के उपनियम 3, 10, 14(4) एवं 15 के उल्लंघन पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
उक्त कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक आगर श्री ललित उपाध्याय, परिक्षेत्र सहायक बड़ौद श्री मयंक श्रीवास्तव के नेतृत्व में वनरक्षक श्री विपिन शर्मा, श्री धीरज माली एवं श्री कृष्णपाल सिंह झाला की सराहनीय भूमिका रही।







