मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
होमगार्ड भर्ती 2026 में आरक्षण अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
अल्मोड़ा: युवा कांग्रेस के नेताओं ने होमगार्ड भर्ती 2026 में अनुसूचित जाति वर्ग एवं महिला आरक्षण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला अधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया।
जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, देहरादून द्वारा दिनांक 28 अप्रैल 2026 को जारी 920 पदों की भर्ती विज्ञप्ति में आरक्षण के संवैधानिक प्रावधानों की खुली अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग को मात्र 48 पद आवंटित किए गए हैं, जबकि 19 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर यह संख्या लगभग 175 पद होनी चाहिए थी, जो स्पष्ट रूप से अधिकारों का हनन है।
उन्होंने यह भी बताया कि अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल एवं चमोली जैसे कई जनपदों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए एक भी पद निर्धारित नहीं किया गया है, जिससे आरक्षण रोस्टर की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने महिला आरक्षण को लेकर कहा कि कुल 920 पदों में महिलाओं के लिए मात्र 15 पद निर्धारित किए गए हैं, जो अत्यंत कम एवं असंतुलित है। उन्होंने कहा कि क्षैतिज आरक्षण (Horizontal Reservation) के तहत सभी वर्गों में महिलाओं को समान अवसर मिलना चाहिए, लेकिन इस भर्ती प्रक्रिया में इसका सही अनुपालन नहीं किया गया है।
युवा कांग्रेस नेता संतोष कुमार ने कहा कि यह स्थिति अनुसूचित जाति वर्ग एवं महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है तथा समानता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है।
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से निम्न मांगें की हैं—
• भर्ती प्रक्रिया की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
• अनुसूचित जाति वर्ग को 19 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार पद आवंटित किए जाएं।
• महिला आरक्षण को सभी वर्गों में क्षैतिज रूप से लागू किया जाए।
• आरक्षण रोस्टर को सार्वजनिक कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
• दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
• भविष्य में ऐसी विसंगतियों को रोकने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आशा जताई कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हेतु इस विषय पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, संतोष कुमार, गोपाल भट्ट, राकेश कुमार, उमेश, सुनील आर्या, दिनेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








