संवाददाता कानड़ : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
43 डिग्री पर पहुंचा पारा, बाजारों में सन्नाटा, जूस की दुकानों पर बढ़ी भीड़
कानड़ : नगर में मंगलवार को गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाते हुए तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तेज धूप और लू के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर आम दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही।
वहीं दूसरी ओर, गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडी छांव और गन्ने व जूस की दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह लगी जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है, जहां लोग गन्ने का रस, ठंडे पेय और अन्य तरल पदार्थ लेकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
डॉक्टर योगेन्द्र जैन ने बताया कि इस समय लू और डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है, इसलिए अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही निकलें।
उन्होंने बताया कि एसी या कुलर से निकलकर सीधे धूप में जाने से बचें, कुछ समय सामान्य तापमान में रुककर ही बाहर ले जाएं। साथ ही तली-भुनी और अधिक मसालेदार चीजों से परहेज करें तथा हल्का भोजन लें। दिनभर में नींबू पानी, छाछ, पानी और अन्य तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए। लू लगने की स्थिति में कच्चे आम का पना और इलेक्ट्रोल का सेवन फायदेमंद होता है।
वहीं बच्चों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नवजात शिशुओं को तेज पंखे के नीचे न सुलाएं और हल्के कपड़े पहनाएं। गर्मी में बच्चों में पानी की कमी जल्दी होती है, इसलिए समय-समय पर ओआरएस का घोल देते रहें।
यदि बच्चों या बड़ों में उल्टी-दस्त या अन्य परेशानी हो तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सावधानी ही बचाव
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है। कि थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि लोग धूप से बचें, संतुलित आहार लें और शरीर को हाइड्रेट रखकर खुद को सुरक्षित रखें।







