संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती।
कन्नौज: सदर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय स्थित काशीराम कॉलोनी में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक युवक पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी साहबे आलम उर्फ मुन्ना की पत्नी का पड़ोस में रहने वाले सानू व राजा पुत्रगण मुनीर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद सानू और राजा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
इसी दौरान खेत में पानी लगाकर घर लौटे साहबे आलम ने दबंगो को गाली-गलौज करने से मना किया तो दबंग भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने साहबे आलम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल युवक को परिजन तत्काल कोतवाली लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देख पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों की निगरानी में घायल का इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार ने दबंगो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दबंगो पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार के साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






