संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)

लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में बार एसोसिएशन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
छिबरामऊ (कन्नौज): लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और चैंबर तोड़े जाने की घटना के विरोध में छिबरामऊ बार एसोसिएशन ने रोष व्यक्त किया है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी छिबरामऊ के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई 2026 को लखनऊ में निहत्थे अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसमें कई अधिवक्ता घायल हुए तथा उनके चैंबर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बार एसोसिएशन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही विस्थापित अधिवक्ताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने तथा प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की भी मांग उठाई गई, ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान आवश्यक है।






