हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
(नया अध्याय, देहरादून)
वीरगति दिवस: 22 मई
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी
कीर्ति चक्र (मरणोपरांत)
जब कोई युवा स्व से ऊपर उठकर सोचता है तब उसके दिल में देश और समाज के प्रति एक ऐसी भावना जन्म लेती है जो उसके मस्तिस्क के अन्दर गलत और सामने आयी परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति उत्पन्न करती है। ऐसे ही युवा समर्पित होकर राष्ट्र की सेवा के प्रति उन्मुख होते है और आगे चलकर हर तरह की परिस्थितियों से लड़ने के लिए तैयार रहते हैं, वह परिस्थितियां चाहे जहाँ और चाहे जैसे भी हों। ऐसे ही एक युवा, सामने आई हुई परिस्थित से लड़ने के लिए उद्यत होता है। अपने साथी को बचाने के लिए उफनती हुई नदी में कूद पड़ता है। उसे यह पूर्ण विश्वास है कि वह नदी की तेज बहती धारा से लड़कर अपने साथी की रक्षा कर लेगा लेकिन परिस्थिति का परिणाम कुछ भी हो सकता है। सैनिक की यही भावना उसे समाज के लोगों में विशिष्ट बनाती है।
सन् 2025 में 1 सिक्किम स्काउट को उत्तर सिक्किम के उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्र में तैनात किया गया था जो कि चीन की सीमा से लगती है। यूनिट की जिम्मेदारी का क्षेत्र ऊँचे पहाड़ों तथा खतरनाक घाटियों में फैला हुआ था, जो कि साल के अधिकांश समय बर्फ से ढके रहते थे। इन क्षेत्रों में कठिन जलवायु परिस्थितियां लगातार ऑपरेशनल चुनौतियाँ उत्पन्न करती रहती हैं। इन परिस्थितियों के कारण महत्वपूर्ण मार्ग अवरुद्ध हो जाते हैं, सैनिकों की आवाजाही बाधित होती है। इन क्षेत्रों में अग्रिम पोस्टों के बीच सड़क संपर्क बनाए रखना एक मुश्किल और जोखिम भरा कार्य होता है, जिसके लिए अत्यंत खतरनाक परिस्थितियों में नियमित गश्त और बर्फ हटाने के लिए संचालन की आवश्यकता पड़ती है।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी 1 सिक्किम स्काउट में सम्बद्ध थे। वह 22 मई 2025 को 03 जवानों (01 पोर्टर) के साथ रूट ओपनिंग पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे। इस टीम ने सुबह 9 बजे बिच्छू से अपने महत्वपूर्ण टैक्टिकल ऑपरेटिंग बेस की तरफ चलना शुरू किया। यह टैक्टिकल ऑपरेटिंग बेस भविष्य की महत्वपूर्ण पोस्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा था। लगभग 11 बजे उनकी रूट ओपनिंग पार्टी में शामिल अग्निवीर स्टीफन सुब्बा तीस्ता नदी की सहायक नदी निमुफुईचु नदी पर बने एक लकड़ी के पुल को पार करते वक्त अपना संतुलन खो बैठे और नदी में गिर गए तथा नदी की तेज धारा में बहने लगे। पार्टी का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए और अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखते हुए अग्निवीर स्टीफन सुब्बा की जान बचाने के लिए तेज धारा वाले खतरनाक पानी में छलांग लगा दी। उनके साथ के दूसरे सैनिक नायक पुकार कटेल ने भी मदद के लिए पानी में छलांग लगा दी। दोनों ने मिलकर पानी में डूबते हुए अग्निवीर स्टीफन सुब्बा की जान बचा ली, लेकिन लेफ्टिनेंट शशांक पानी की तेज धार में बह गए। तुरंत उन्हें खोजने और बचाने की कोशिशें तेज की गईं, लेकिन लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को बचाने में कामयाबी नहीं मिल पायी। उनका पार्थिव शरीर घटना स्थल से 800 मीटर दूर मिला। प्रारंभिक चिकित्सा जांच के अनुसार अग्निवीर स्टीफन सुब्बा को पैर में चोट लगी थी, उन्हें चिकित्सीय सहायता पोस्ट, लाचुंग भेजा गया है और नायक पुकार कटेल के पैर में चोटें लगी थीं, उन्हें हवाई मार्ग 158 बेस अस्पताल ले जाया गया।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को उनके मानवीय प्रयासों, साहस, वीरता और बलिदान के लिए शांतिकाल के दूसरे सबसे बड़े सम्मान कीर्ति चक्र से अलंकृत किया गया।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी का जन्म 24 जनवरी 2002 को अयोध्या (फैज़ाबाद) के गद्दोपुर में श्रीमती नीता तिवारी और श्री जंग बहादुर तिवारी के यहाँ हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा फैज़ाबाद में हुई और पढ़ाई के दौरान ही इनका चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में हो गया। इन्होने भारतीय सैन्य अकादमी से अपना प्रशिक्षण पूरा किया ओर सेना सप्लाई कोर में 14 दिसंबर 2024 को कमीशन लिया। कमीशन के पश्चात वह 1 सिक्किम स्काउट्स में सम्बद्ध हुए। लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के परिवार में उनके पिता श्री जंग बहादुर तिवारी, माता श्रीमती नीता तिवारी हैं। उनसे छोटी उनकी एक बहन हैं जिनकी शादी हो चुकी है। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त हैं।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के साहस बलिदान और नेतृत्व क्षमता को अमर बनाने के लिए उनके प्रथम वीरगति दिवस पर आर टी ओ ऑफिस, बाई पास रोड, पेट्रोल पंप के सामने, अयोध्या में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। पार्क में लगने वाली उनकी यह प्रतिमा नवयुवकों में देशभक्ति की भावना का संचार करेगी, लोग अपनी माटी के लाल को देखकर गर्वान्वित होंगे।







