सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख —
“साधें मन, खोलें हृदय: एक सुंदर और मानवीय संसार की ओर”
: सुश्री सरोज कंसारी
प्रेम और शांति बाहरी तौर पर खोजने की चीजें नहीं हैं, बल्कि यह हमारे जीवन जीने का तरीका हैं। जब हम भीतर से शांत और प्रेमपूर्ण होते हैं, तो दुनिया की कोई भी परेशानी हमें दुखी नहीं कर सकती। मन की शांति जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है!
———————————————-
“इंसानियत जागेगी, यह धरा चाहे निराश और विकल हो, पर आस न त्यागेगी।
तुम साधना से मन सजाकर रखना, प्रेम से सदा हृदय खोलना,
इस निराश पतझड़ में भी, देखना फिर पुष्प-कलियाँ महकेगी।”
मन ही संसार है। जब मन अशांत होता है, तो बाहरी जगत भी युद्धभूमि बन जाता है — छोटी-सी बात तूफान लगती है, छोटा-सा कांटा पहाड़ दिखता है। उपनिषद कहता है: “मन एव मनुष्याणां कारणं बंध मोक्षयोः” — मन ही बंधन है, और मन ही मुक्ति। अशांति बाहर से नहीं आती, भीतर से उपजती है। जब विचारों की धारा अनियंत्रित हो जाती है, तो जीवन भी भटक जाता है। इसलिए ऋषियों ने कहा — चित्त को साधो। क्योंकि एक शांत चित्त वह शक्ति है जिसके सामने संसार की कोई समस्या टिक नहीं पाती। अशांत मन प्रश्न पैदा करता है, शांत मन उत्तर बन जाता है। शांति निष्क्रियता नहीं, यह उस गहरे सरोवर जैसी है जिसकी सतह पर लहर नहीं, पर गहराई में अपार शक्ति छिपी है। जब मन थिर होता है, तो जीवन अपने आप व्यवस्थित होने लगता है। निर्णय स्पष्ट होते हैं, संबंध सहज होते हैं, और कठिनाइयाँ मार्ग बन जाती हैं। और शांति जहाँ ठहरती है, वहीं से प्रेम का जन्म होता है। प्रेम सिर्फ एहसास नहीं, वह ऊर्जा है जो टूटे हुए को जोड़ती है, बिखरे हुए को समेटती है।
प्रेम वह शक्ति है जो पूरी दुनिया को जोड़कर रखती है। यह एक आत्मीय बंधन है जो नफरत को मिटाकर संसार में शांति, सद्भाव और सुख-समृद्धि का प्रमुख माध्यम बनता है। प्रेम एक ऐसा एहसास है जिसकी हर बूंद अमृत के समान है। प्रेम में जिया गया हर क्षण जीवन को खास बना देता है। इसमें असीम ऊर्जा होती है — जो हमारी संकुचित सोच से निकालकर विशाल हृदय देती है, और हर गम को समेट लेने की शक्ति प्रदान करती है। प्रेम लेन-देन का विषय नहीं, यह हृदय की पवित्र भावना है। प्रेम देने से जीवन में सुकून स्थापित होता है। जो मनुष्य प्रेम बांटते हैं, वे कभी खाली नहीं होते — दया, क्षमा, करुणा, सहयोग और संयम से भरे रहते हैं। मन में पवित्र भावनाओं का संचार होता है। प्रेम आत्मा को शांत, संतुष्ट और सुखी करता है…प्रेम एक स्वाभाविक गुण है। जब यह हृदय में निरंतर प्रवाहित होता है, तो जीवन से दुर्भावनाएँ दूर होती हैं, मन एकाग्र और उत्साहित रहता है। जो हर क्षण प्रेम का दीप हृदय में जलाकर रखते हैं, उनके जीवन में उम्मीद की रोशनी बनी रहती है।
प्रेम शरीर का क्षणिक सुख नहीं, यह आत्म-कल्याण का माध्यम है। यदि प्रेम सच्चा हो, तो मनुष्य हर कठिनाई को मुस्कुराकर पार कर सकता है। प्रेम में गहराई हो तो वह रूह को स्पर्श कर जीवन को अद्भुत बना देती है और मानव जीवन को सर्वश्रेष्ठ। प्रेम में ही जीवन की सारी खुशियाँ हैं। प्रेम में बिताया गया हर क्षण मन को मजबूत बनाता है, नई ताजगी देता है और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देता है।
मनुष्य जीवन का परम लक्ष्य है — एक आत्मा से दूसरी आत्मा को पवित्र भाव से स्पर्श देकर हर क्षण को यादगार बना देना। इसके विपरीत, शरीर का मोह, पाने की चाह, भोग-विलास, धोखा और षड्यंत्र जीवन के हर क्षण को उद्देश्यहीन, बोझिल और नरकतुल्य बना देते हैं। चाहे परिस्थिति कैसी भी हो, प्रेम जीवन का सौंदर्य है और शांति उसकी नींव। जिसके हृदय में सच्चा प्रेम और शांत मन है, वही मनुष्य सबसे श्रेष्ठ है। याद रखिए: प्रेम कभी बिछड़ता नहीं। वह हृदयगत एहसास है, हमारी सांसों में समाहित है। प्रेम जीवन के साथ चलता है। जिस हृदय में प्रेम नहीं, वह पत्थर हो जाता है। बंजर मन मृतप्राय हो जाता है।
इसलिए अपने साथ के हर रिश्ते-नाते, मित्र और परिचित को निस्वार्थ प्रेम का अनमोल उपहार दीजिए। साथ ही, अपने मन को साधिए — उसे शांत रखिए। प्रेम जीवन का सर्वोच्च और सच्चा सुख है। यह मन के दुर्भाव मिटाकर समस्त मानव से मिलकर रहने, सहयोग करने और शुभ भाव भरने के लिए प्रेरित करता है। प्रेम एक दुआ है — जिसे मिल जाता है, उसका जीवन सुख-समृद्धि से भर जाता है। सच्चा प्रेम जीवन के हर क्षेत्र में मन के द्वंद्व मिटाकर मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। यह दो पल का आकर्षण नहीं, जीवन की सबसे खूबसूरत सौगात है। प्रखर प्रेम हृदय की गहराई में उत्पन्न होकर वहीं ठहर जाता है। यह मन में उत्साह, आत्मीय संवाद, संस्कार और संयम भरता है — और यही मनुष्य जीवन का सबसे अहम पहलू है। जहाँ नफरत का पूर्ण अभाव होता है, प्रेम वहीं ठहरता है। प्रेम की खुशबू जीवन को सद्कार्य के लिए प्रेरित करती है। प्रेम वह है जो घृणा, क्रोध, बैर, छल, स्वार्थ और नफरत से ऊपर उठकर समस्त मानव जाति को एक होने, मिलकर रहने और हर पल जीने की सीख देता है। प्रेम आत्मा की गहराई है, जो कभी समाप्त नहीं होता।
सच्चा प्रेम एक एहसास है जो अपनों का साथ, अपनत्व और सुरक्षा पाकर और गहरा होता है। प्रेम शर्त नहीं, स्वतंत्र है। यह मन की व्याकुलता दूर करता है। प्रेम बहाना नहीं, निभाने का नाम है। जिसे प्रेम हो जाता है, वह दिल से कभी जुदा नहीं होता। कोई मजबूरी प्रेम का अंत नहीं कर सकती। प्रेम अमर होता है — बस निभाने की चाह दिल से होनी चाहिए…भोग-विलास को प्रेम का नाम देने वाले भ्रमित होते हैं और भटकावपूर्ण जीवन जीने को विवश होते हैं। प्रेम भय नहीं, साहस है। प्रेम टूटे मन को जोड़ने का माध्यम है। प्रेम आरंभ है, इसका अंत नहीं। जो प्रेम से भरे होते हैं, वे किसी से नफरत नहीं करते। प्रेम जीवन का सबसे सच्चा साथी है। पहले खुद से प्रेम करो, फिर दूसरों को बांटते रहो। अगर आपके पास सच्चा प्रेम और शांत मन है, तो उस पर गर्व कीजिए।
अपने कर्म से, फर्ज से, जीवन से — और संसार के हर जीव को प्रेम देना सबसे बड़ा धर्म है। जाति, मजहब, धर्म और संप्रदाय से बड़ा प्रेम होता है। प्रेम जीवन की हर थकान मिटा देता है। प्रेम से किया गया हर कर्म पूजा बन जाता है, बस भावनाएँ सही हों। म से हर मुश्किल काम आसान हो जाता है। प्रेम को कोई मजबूरी बांध नहीं सकती। जीवन को प्रेमपूर्ण और शांत बनाने के लिए हर रिश्ते को महत्व दीजिए, और अपने मन को साधते रहिए। प्रेम एक अदृश्य एहसास है जिसमें असीम शक्ति होती है। प्रेम का अपमान, उपेक्षा या उसे पीड़ित करना, स्वयं के विनाश का द्वार खोल देता है। जो आपको प्रेम देते हैं, उनके सदा आभारी रहिए। इस स्वार्थ से भरी दुनिया में प्रेम और शांति ही हमें आगे बढ़ने और हार न मानने की हिम्मत देते हैं।
प्रेम और शांति जीवन की यात्रा के दो पंख हैं — एक हमें उड़ान देता है, दूसरा हमें संतुलन। जब मन शांत होता है, तो प्रेम का प्रकाश भीतर तक उतरता है; और जब हृदय प्रेम से भरता है, तो शांति स्वतः बाहर झलकती है। यही वह अवस्था है जहाँ व्यक्ति न केवल अपने लिए जीता है, बल्कि समस्त सृष्टि के लिए करुणा का स्रोत बन जाता है। जीवन की सार्थकता बड़ी उपलब्धियों में नहीं, उन छोटे-छोटे क्षणों में है जब हम बिना शर्त किसी को गले लगाते हैं, किसी टूटे हुए मन को शब्दों से सहारा देते हैं, या बस मौन रहकर किसी के साथ शांति साझा करते हैं। प्रेम और शांति कोई गंतव्य नहीं, यह स्वयं यात्रा है — प्रतिदिन जीने का ढंग, हर साँस में उतारने की साधना। यदि हम अपने भीतर इस प्रेम और शांति को बचा कर रख सकें, तो न बाहरी तूफ़ान हमें हिला पाएंगे, न समय की धूल हमारी चमक फीकी कर पाएगी। इसलिए चलिए, आज से ही संकल्प लें — मन को साधेंगे, हृदय को खोलेंगे, और इस संसार को थोड़ा और सुंदर, थोड़ा और मानवीय बनाएंगे। क्योंकि अंत में वही बचेगा जो हमने प्रेम से दिया, और वही टिकेगा जो हमने शांति से जिया।
———————————————–







