राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दिल और दिमाग
(कविता)
दिल कहता है कि
चल, कूद पड़ इस प्रेमधारा में,
डूबकर जीना, ही जीना है,
दिमाग ब्रेक लगाता है, प्रेमरथ का
रुको ! पहले हिसाब लगाओ,
कितनी दूरी है प्रेमनगर ?
पहुंच सकोगे या थक जाओगे?
दिल हँसता है, खिलखिलाता,
एक दिन फूलों की तरह खिलता,
फिर दिमाग चुपचाप कैलकुलेट करता है
काँटों का उलझा अंकगणित
पैनेपन की चुभन की आवृत्ति
अक्सर एक बार दिल जीतता है,
और पागलपन की राह पर ले जाता है।
दूसरे पल दिमाग खींच लेता,
सुरक्षित घना छाया, शांत होकर
फिर दोनों साथ बैठते हैं शाम ढले,
कुछ उलझे से, कुछ सुलझे से,
दिल कहता, “तुम बिन मैं अधूरा,
सिर्फ़ भावनाओं का तूफान रोको,
दिमाग मुस्कुराता, “तुम बिन मैं भी निरीह
सिर्फ़ अंक और नियमों का जंगल हूं।
किंतु जब दोनों का मेल होता है,
तब अद्भुत जादू रचता है ब्रह्मांड,
दिल को दिशा मिलती, दिमाग को उड़ान।
तब इंसान होता है सम्पूर्ण, परिपूर्ण,
न सिर्फ़ तब जीता है, जीना भी सीखता है,
दिल की चाह और दिमाग की राह में,
खूबसूरत संतुलन होता है, “प्यार”
दिल और दिमाग, दो विरोधी, दो प्रेमी भी,
कभी एक ही सिक्के के दो पहलू,
कभी, एक-दूसरे के बिना अधूरे।







