कुमार संदीप मुजफ्फरपुर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ : ममता, संवेदना और संघर्ष की जीवंत प्रतिमा।
कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं जिनका परिचय केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके कर्मों, आत्मीयता से मिलता है। आदरणीया डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ उन्हीं विलक्षण व्यक्तित्वों में से एक हैं, जिनके भीतर साहित्य की गहराई, समाजसेवा की तपस्या और मातृत्व की असीम ममता एक साथ दिखाई देती है।
बिहार की पावन धरती भागलपुर में जन्मी डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ ने जीवन के हर संघर्ष को अपनी शक्ति बनाया। दर्शनशास्त्र में स्नातक होने के साथ-साथ उन्होंने अपने भीतर छिपी साहित्यिक चेतना को कभी मरने नहीं दिया। बचपन में डायरी के पन्नों पर लिखे गए छोटे-छोटे भाव आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित साहित्यिक पहचान बन चुके हैं।
उनके पिता डॉ उमाशंकर प्रसाद सिंह बिहार एग्रीकल्चर कॉलेज, सबौर (भागलपुर) में प्रोफेसर रहे और माता श्रीमती मीना सिंह से उन्हें संस्कार, संवेदना और आत्मबल मिला। विवाह के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों, व्यवसाय और बच्चों के पालन-पोषण के बीच भी उन्होंने अपने सपनों को जीवित रखा। लगभग बारह वर्षों तक जीवन की व्यस्तताओं में दब चुकी लेखनी को जब उनके पति श्री अभय शर्मा ने पुनः थामने का साहस दिया, तब एक नई साहित्यिक यात्रा प्रारंभ हुई। वही यात्रा आगे चलकर विश्व रिकॉर्ड तक पहुंची—365 दिनों तक लगातार लेखन कर उन्होंने अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया।
आज डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ केवल एक लेखिका नहीं, बल्कि समाज की चेतना हैं। उनकी रचनाएं भारत ही नहीं, अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यू.के., नेपाल, जापान और अनेक देशों की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी चर्चित पुस्तक ‘एहसास’ संवेदनाओं का ऐसा दस्तावेज है, जिसने पाठकों के हृदय को गहराई से स्पर्श किया। हिंदी अकादमी मुंबई और महाराष्ट्र सम्मान सहित लगभग 600 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित होना उनके विराट व्यक्तित्व की साक्षी है।
साहित्य के साथ-साथ समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण में भी उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है। ग्रीन इंडिया परिवार, नीम-पीपल-तुलसी अभियान, बेटी बचाओ अभियान, कोरोना जागरूकता अभियान और अनेक सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर वे निरंतर जनजागरण का कार्य कर रही हैं। धराधाम इंटरनेशनल तथा गृहस्वामिनी पत्रिका की एम्बेस्डर के रूप में भी वे समाज में प्रेम, समरसता और मानवीय मूल्यों का संदेश दे रही हैं।
उनकी सबसे बड़ी विशेषता उनका आत्मीय हृदय है। जिनसे कभी प्रत्यक्ष मेरी मुलाकात भी न हुई है फिर भी वह अपने स्नेह और ममता से ऐसा अपनापन देती हैं मानो वर्षों का रिश्ता हो।
डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ का जीवन इस सत्य का प्रमाण है कि यदि मन में संवेदना, संघर्ष करने का साहस और परिवार का सहयोग हो, तो सपने कभी मरते नहीं। वे आज असंख्य महिलाओं, युवाओं और साहित्यप्रेमियों के लिए प्रेरणा का उज्ज्वल दीप हैं।
आदरणीया डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ की लेखनी में सदैव ज्ञान, संवेदना और मानवता की मधुर धारा प्रवाहित करती रहिए। उनके शब्द समाज के अंधकार में प्रकाश बनकर लोगों के हृदय को जागृत करते रहें। उन्हें निरंतर सृजन की शक्ति, यश और सम्मान प्रदान करें।
अपने दिव्य आशीर्वाद से उनके जीवन को सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि से परिपूर्ण बनाए रखिए। समाजसेवा, साहित्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके प्रत्येक प्रयास को नई ऊंचाइयाँ प्रदान करें। उनके जीवन का हर पथ मंगलमय हो और वे सदैव मानवता की सेवा में अग्रसर रहें।
जैसे आपने करुणा, त्याग और ममता से संसार को प्रेम का संदेश दिया, वैसे ही डॉ. निक्की शर्मा ‘रश्मि’ जी के हृदय में स्नेह, धैर्य और आत्मबल सदैव बना रहे। उनके परिवार पर अपनी कृपा-दृष्टि बनाए रखें और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में नई ऊर्जा, खुशियां और सफलता प्रदान करें।
ईश्वर करे उनकी लेखनी सदैव समाज को नई दिशा देती रहे और उनका स्नेह असंख्य लोगों के जीवन में आशा का दीप जलाता रहे।






