“जहाँ दुआएँ जनमती हैं, वहीं शिकायतें भी” 

Spread the love

 

 

सुश्री सरोज कंसारी

लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका

अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,

नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)

 

              (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

 

 

 

आलेख:

 

“जहाँ दुआएँ जनमती हैं, वहीं शिकायतें भी” 

           — सुश्री सरोज कंसारी 

 

“मानव जीवन का वास्तविक सौंदर्य भौतिक सुखों में नहीं, बल्कि आत्मीयता व आपसी समझ में निहित है।”

    ─────────────────────

 

“फूलों की तरह खिलना है जीवन,

दर्द की दवा है अपनापन।

कद्र और साथ का हो समर्पण,

संवाद का द्वार चाहता है मन।”

 

कद्र करना व थामे रखना होगा संवाद के दरवाज़े हमेशा खुले रखना होगा। इंसान के पास गम के कई पहलू होते हैं। किसी के मन की पीड़ा को समझने में हर कोई समर्थ नहीं होता। जब कोई सहजता से अंतर्मन की व्यथा को सुनने, उसे महसूस करने और उलझन को सुलझाने वाला मिल जाता है, तो चेहरे पर मायूसी नहीं टिकती।

 

जन्म से लेकर मृत्यु तक हम किसी न किसी रिश्ते-नाते, परिचित के सानिध्य में ही रहते हैं। पूर्ण एकाकी जीवन संभव नहीं। हम हर पल घोर अंधकार या वीरान जंगल में नहीं, अपनों के बीच ही होते हैं। किसी कारण से ही कोई अकेला जीवन निर्वाह करता होगा — जैसे साधु, सन्यासी या महात्मा — जो सांसारिक माया से दूर रहते हैं। लेकिन इंसान होकर किसी से पूर्ण दूरी संभव नहीं। भले ही उनसे कोई सहयोग न मिले, पर हर कोई एक सुरक्षात्मक वातावरण चाहता है। कुछ बंधन, नियम और रस्म-रिवाज होते हैं जिनमें बंधकर रहना ही पड़ता है।

 

किसी भी दुख को लंबे समय तक मस्तिष्क में रखने से व्याकुलता बढ़ती है, और व्यक्त कर देने से मन हल्का महसूस करता है। पर हर किसी से कहा नहीं जा सकता, क्योंकि दुनिया की भीड़ में अपने बहुत कम होते हैं। सबकी भावनाएँ और नजरिया अलग होते हैं। जो जिस परिस्थिति में रहता है, वैसा ही सोचता और करता है। हृदय में पहुंची चोट दिखती नहीं, पर चुभती है। कहने को तो कह देते हैं कि “ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए”, लेकिन जब कोई समस्या आती है, तकलीफ होती है, तो संभलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे वक्त में किसी करीबी की जरूरत होती ही है।

 

हम किस बात से पीड़ित हैं, कैसा महसूस कर रहे हैं, क्या बीत रही है — यह कोई और नहीं जान सकता, जब तक हम उसे बताएं नहीं। पर उस व्यक्ति को ढूंढ पाना आसान नहीं जो रूह से जुड़ा हो, जिससे असीम लगाव हो, प्रीत की डोर बंधी हो। सिर्फ साथ रहने या ‘अपना’ कह देने से दर्द दूर नहीं होता। उनमें अपनत्व की महक भी होनी चाहिए। जरूरी नहीं कि जिनके साथ हर पल रहते हैं, वे सुकून के पल दें। पूरी जिंदगी गुजर जाती है, पर कभी मन नहीं मिलते। कई बार सिर्फ निभाने के लिए, मजबूरीवश साथ रहते हैं। कुछ लोग साथ तो होते हैं, पर उनके साथ खुशी नहीं मिलती, मन नहीं मिल पाते। कोई विकल्प न होने के कारण भी साथ रहते हैं, पर एक-दूसरे की आंतरिक कराह, ख्वाहिश और एहसास से बिल्कुल अनजान होते हैं।

 

व्यवहार में मानवीय गुण न होने के कारण भी भय, शारीरिक कष्ट और संकोचवश लोग अपनी चाह और शौक को दबाकर रखते हैं। कहीं मानसिक यातना न झेलनी पड़े, यही सोचकर खामोशी से रिश्तों की मर्यादा निभाते हैं। रहते तो हैं, पर ऐसे भी होते हैं जिनसे दूर तक कोई रिश्ता नहीं होता, जिनके बारे में कुछ जानते नहीं। फिर भी संयोगवश किसी राह में मिल जाते हैं। अजनबी होकर भी कुछ ही पलों में कोई हृदय में बस जाता है। विचारों के मिलन और आकर्षक व्यक्तित्व से वे पल भर में अपने से लगते हैं।

 

उत्साह के बिना हर पल निराशा ही होती है। जिसके साथ हृदय की तार जुड़ी हो, जो हर सुबह में ताजगी भर दे — ऐसे लोगों के सानिध्य में रहने से प्रसन्नता होती है। जिसके हृदय में प्यार भरा होता है, वह सहज होता है। अपने शांत, मिलनसार स्वभाव से वह कठोर व्यक्ति में भी स्नेह की धार बहा देने में समर्थ होता है।

 

वैसे तो सादगी से भरी जिंदगी में ही खूबसूरती का असली श्रृंगार होता है, जिसमें स्वार्थ नहीं होता। एक-दूसरे को निभाने के लिए त्याग, तपस्या, समर्पण और साधना को भारतीय संस्कृति में उच्च स्थान दिया गया है। पारिवारिक रिश्तों में मजबूती के लिए लोग अपनी हर खुशी की परवाह किए बिना अपनों के लिए सब निसार कर देते हैं। चाहत में गहराई इतनी होती है कि जरा भी किसी को तकलीफ होने पर उसकी कुशलता के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। जहां एकता होती है, वहीं अटूट बंधन होता है। षड्यंत्र, छल-कपट, द्वेष, ईर्ष्या से भरे लोग हर खुशी से कोसों दूर होते हैं। जिनमें सद्विचार होते हैं, वे किसी को भी हानि पहुंचाने का प्रयास नहीं करते और उनका मन एकाग्र होता है। वे प्रतिस्पर्धा की दौड़ में नहीं भागते। असाधारण प्रतिभा के धनी होकर भी साधारण जीवन जीते हैं।

 

आधुनिकता के शोर, विदेशी सभ्यता, फूहड़ता और अव्यवस्थित जीवनशैली अपनाने से व्यवहार भी अमर्यादित होता है। दिखावे में लिप्त होने से मूल स्वभाव खो जाता है। जो झूठी शान-शौहरत में रहते हैं, वे किसी के करीब नहीं होते। जहां रिश्ते नाम मात्र के होते हैं, वहां आपसी प्रेम, समन्वय, सौहार्द और सामंजस्य नहीं होता। किसी न किसी बात पर बहस होती है, मधुर संबंध स्थापित नहीं हो पाते। जिस माहौल में हम रहते हैं, वहां अगर सक्रिय, कर्मठ, ईमानदार और सरल प्रवृत्ति के लोग हों, तो हर कठिन कार्य भी आसानी से हो जाता है।

 

जीवन के हर क्षेत्र में, किसी भी कार्य में सफलता के लिए संवाद करना ही पड़ता है। हर किसी की कार्यप्रणाली अलग होती है, किसी बात को व्यक्त करने की शैली भी भिन्न होती है। संवाद का जीवन में बहुत महत्व है। इसका सीधा असर मस्तिष्क पर होता है। संवाद से दिमाग स्वतंत्र, स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक होता है। कहने से पहले उस पर विचार अवश्य करना चाहिए। जितने लोग, उतनी ही विचार-शैलियाँ होती हैं। हर कोई अपनी आदत के अनुसार ही व्यवहार करता है।

 

कुछ लोग बहुत ही शालीनतापूर्वक अपनी बात रखते हैं, जिसे समझने और करने में आसानी होती है। कुछ स्पष्ट और सटीक होते हैं — जो है, बस उतने में ही काम करना चाहते हैं। बेवजह की बातें वे समय की बर्बादी समझते हैं। पर किसी के कहने का अंदाज इतना शानदार होता है कि सब उसे सुनना ही चाहते हैं। ऐसे व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में अपनी अलग छाप छोड़ते हैं। उनकी मीठी वाणी और किसी भी विषय में सुंदर प्रस्तुति से लोग सहज ही आकर्षित होते हैं। किसी काम के सिलसिले में मिलने और बात करने से विचारों में भिन्नता के कारण कभी मनमुटाव, बहस, विवाद और झगड़े की स्थिति भी उत्पन्न होती है, जो सुलझती-उलझती रहती है। कोई संयमित और मर्यादित शब्दों के प्रयोग से अपने हर कार्य कर लेता है, तो कोई कटु शब्दों से काम बिगाड़ देता है।

 

सभी के अपने व्यवहार हैं। विभिन्न स्थानों पर संवाद के अलग ही रूप होते हैं। जिसे सहज रूप में लेने और सहने से राह आसान होती है, और मन में रख लेने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जीवन में कई मोड़ होते हैं। लोग मिलते हैं — कुछ ठहरते हैं, तो कुछ आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन मन की हर बात को किसी से दिल से कह देना, और सामने वाला उसे समझने का प्रयास करे — ऐसे लोग बहुत ही खास होते हैं।

 

जहां हर पग पर मानसिकता कुंठित होती है, और कर्तव्य के पथ पर चलते हुए संघर्ष करके हमें मंजिल प्राप्त करनी होती है, उस सफर में बहुत से लोग मिलते हैं। इस बीच दिमाग में उथल-पुथल होती है, कई बातें संग्रहित हो जाती हैं। कुछ सरल तो कुछ जटिल प्रश्न मन में उमड़ते हैं, और भावनाएँ असहज होकर उस शख्स को ढूंढती हैं जो हर द्वंद से निकाल सके, अपने आचरण से हृदय को प्रसन्नता के पल दे सके।

 

वैसे तो जिंदगी व्यस्तता से भरी होती है, जिसमें फुर्सत के क्षण कम ही होते हैं। उस समय को उनके साथ ही व्यतीत करने की चाह होती है जिनके साथ से तनाव से मुक्त हो सकें। धन-दौलत, पद-प्रतिष्ठा, शौहरत हासिल करने के चक्कर में उन्हें खो मत देना जो इस स्वार्थ से भरी दुनिया में निस्वार्थ भाव से आपसे जुड़े हैं। चाहे कितनी भी व्यस्त दिनचर्या हो, जरूर मिलें उस इंसान से जिसके लिए आप महत्वपूर्ण हैं।

 

आत्मीय संवाद से मानसिक विकार दूर होते हैं। जिनमें अपनेपन की झलक मिलती है, उनसे विश्वास का बंधन होता है। बिना किसी संकोच के हर बात उनसे साझा करने से संदेह दूर होता है, बनावटीपन खत्म हो जाता है और शुद्ध मन में सार्थक विचार जन्म लेते हैं। आत्मीय संवाद से हर विवाद मिटते हैं और एहसास में नई ताजगी भरते हैं। नफ़रत के माहौल से जब घुटन होती है, तब उनका सानिध्य बहुत सुखद होता है। संवाद अगर दिल से उतरे, तो बहुत सी परेशानियाँ दूर होती हैं। आत्मीय संवाद से रिश्ते मजबूत होते हैं और कठिन परिस्थिति में आपसी वार्तालाप से मन एकाग्र रहता है।

 

जो अपने आप तक सीमित रहते हैं, किसी से घनिष्ठ मित्रता, आपसी स्नेह और प्रेमपूर्ण बंधन नहीं रखते, जो अपनी भावनाएँ व्यक्त नहीं कर पाते, जिन्हें अपनत्व का एहसास नहीं होता — वे अक्सर गुमसुम रहते हैं। दुख की घड़ी में बेहद हताश हो जाते हैं, अपने आप को अकेला महसूस कर भयभीत हो जाते हैं। किसी अनहोनी की आशंका से ग्रसित होकर मानसिक संतुलन तक बिगाड़ लेते हैं। लेकिन जो किसी से जुड़कर रहते हैं, वे हर छोटी-बड़ी बात किसी विश्वासपात्र व्यक्ति से कहते हैं, जिससे समय पर समाधान मिलता है और वे बेवजह के तनाव से बच जाते हैं।

 

हर इंसान के लिए आत्मीय भाव की प्रबलता आवश्यक होती है। जो संवाद की सुंदर कला जानते हैं, वे हर किसी को अपना बना लेते हैं। वे जल्द हार नहीं मानते और उनकी सोच विशाल बनती है, जो हमें अच्छे कार्य के लिए प्रेरित करती है।

 

आत्मीयता के लिए कोई शर्त नहीं होती। इसे किसी परिभाषा में बांध नहीं सकते। जिनसे बात करके हृदय की सुप्त अवस्था जागृत हो, और जो जीने की नई कला दें — चाहे वे छोटे बच्चे, युवा या बुजुर्ग हों। इसमें अमीरी-गरीबी या उम्र की कोई सीमा नहीं। हर उस इंसान से अपनेपन की गहराई से जुड़ सकते हैं, जिनमें आपसी लगाव हो, एक-दूसरे को समझने-जानने की उत्सुकता हो, विचारों में समानता हो।

 

यह एक मित्रवत व्यवहार है। आचरण की शुद्धता से ही कोई हृदय में बसता है। मन में कुविचार भरकर कोई आत्मीयता का हकदार नहीं हो सकता। ईमानदारी और शिष्टाचार ज़रूरी है। सम्मान उनके प्रति सहज ही उमड़ पड़ता है जो आपकी भावनाओं को समझते हैं और सही दिशा-निर्देश देते हैं। वे कमियों को दूर कर अच्छाई को प्रसारित करने में सहयोगी होते हैं।

 

इसलिए कभी भी अवसर मिले, उन लोगों से बात करें, सुनें और विचारों के आदान-प्रदान से सांत्वना, सद्भाव और साहस के गुण देते रहें — उन्हें, जो मानसिक रूप से आपको खुशियां देते हैं। मानसिक खुशी प्राप्त करना आज के समय में सबसे बड़ी दौलत है। यह वही दे सकते हैं जिनकी भावनाएँ आपसे शुद्ध रूप से जुड़ी हों। इसलिए संवाद जारी रखिए, अपनों से विराम मत दीजिए।

“मानव जीवन का वास्तविक सौंदर्य भौतिक सुखों से नहीं, बल्कि आपसी समझ और आत्मीयता से झलकता है; यही दार्शनिक यथार्थ है।”

 

            =====================

 

 

  • Related Posts

    कर्मफल (भाग 26)

    Spread the love

    Spread the love  राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                            (सेवा निवृत जेल…

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    Spread the love

    Spread the love  ब्यूरोः  (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)          डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।   साहित्यिक साधना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    कर्मफल (भाग 26)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    कर्मफल (भाग 26)

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 13 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)