सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
”जीवन को गंभीरता से नहीं, सहजता से लें!”
— सुश्री सरोज कंसारी
========================
जीवन को कसकर न पकड़ना कभी,
पर इसे यूँ ही फिसलने भी न देना।
सहजता इंसान बने रहने के लिए ज़रूरी है,
बस हृदय में थोड़ी उम्मीद बनाए रखना।
हँसना, खिलखिलाना और गलती करना,
फिर उनसे सीखना! निरंतर चलते रहना।
हमारी यह जिंदगी कोई परीक्षा नहीं है जिसे पास करना अनिवार्य हो। यह तो हमारी विशुद्ध जाग्रत आत्मा का एक सफर है, जिसे खुलकर और होशपूर्वक जीना है। हम अक्सर छोटी-छोटी बातों को इतना बड़ा बना लेते हैं कि हंसना, आराम करना और गलतियां करना ही भूल जाते हैं। जीवन को गंभीरता से नहीं, बल्कि सहजता से लेना चाहिए। हमें नदी की तरह बहना है, बोझ बनकर ठहरना नहीं।
जीवन को नियंत्रित करने की ज़िद छोड़ दें, अपनी कमियों को स्वीकारें, और खुलकर जीते हुए हर भूल से सीखें।…गम्भीर लोग जो होते हैं, वे गलती से भयभीत हो जाते हैं। सहज इंसान गलती से सीखते रहते हैं। बचपन में हम साइकिल से 10 बार गिरे थे, तब भी हँसते हुए फिर चढ़े थे। बड़े होकर हम एक बार फेल होने से ही रुक जाते हैं। अगर उस बचपन वाली सहजता रख लें, तो आधी टेंशन खत्म हो जाएगी।
जीवन में कुछ भी हो, सहजता सबसे ज़रूरी है। आज परफेक्ट बनने की अंधी दौड़ में हम अपनों से ही दूर होते जा रहे हैं। जबकि सच तो यह है कि रिश्तों का परफेक्ट होना ज़रूरी नहीं है; उनमें थोड़ी नोक-झोंक, थोड़ी माफ़ी और ढेर सारी हँसी का होना ज़रूरी है—यही चीजें अपनों को करीब लाती हैं।दूसरों की फालतू बातों या लोगों के रवैये पर ध्यान न दें; बस अपना ध्यान रखें और जीवन में आगे बढ़ें। धैर्य से हर काम संभव है, इसलिए कभी भी अपना धैर्य न खोएं। अपने लक्ष्य ज़रूर तय करें, लेकिन अपने जुनून को कभी मानसिक बोझ न बनने दें।
ज़िंदगी को बहुत कसकर मत पकड़ो, वरना यह रेत की तरह हाथ से फिसल जाएगी। और इसे इतना ढीला भी मत छोड़ो कि आप अपनी सही दिशा ही भटक जाएं। इन दोनों के बीच का सुंदर और संतुलित रास्ता ही सहजता है। गंभीरता हमें ज़िम्मेदार तो बनाती है, लेकिन सहजता ही हमें हमेशा एक अच्छा इंसान बनाए रखेगी।
”मिले जो राहत सवालों से,
तो समझ लेना,
जीवन का सबसे बड़ा धन,
ये गहरा संतोष ही है।”
जो व्यक्ति सहज और शांत होता है, वह विवाद की स्थिति में भी दूसरों की पीड़ा को समझ लेता है। इसके विपरीत, चिड़चिड़ा व्यक्ति हर बात में केवल झगड़ा ही देखता है। यदि आप आत्मिक रूप से समृद्ध हैं, तो अपने भीतर उतरिए; आपको सभी उत्तर मिल जाएंगे और उन हज़ारों सवालों से मुक्ति मिल जाएगी जो आपको परेशान करते हैं।…इस बात पर ध्यान दें कि आपके भीतर कितना संतोष है। विचार करें कि आप दिन में कितनी बार बेचैन होते हैं? आप कितने सहज हैं? यदि आप सहज हैं, तो शांत बने रहें; क्योंकि शांत और सहज रहना ही जीवन का सबसे बड़ा धन है, इसे हमेशा याद रखिए।
हमारी अच्छी खुशी और सुख हमारे बाहर नहीं, बल्कि हमारे अपने भीतर छिपा है। जब हमारा मन शांत और सहज होता है, तब हम दूसरों के दुख-दर्द को आसानी से समझ सकते हैं और जीवन में आने वाली हर उलझन से बच जाते हैं। इसके विपरीत, अशांत और चिड़चिड़ा मन हर छोटी बात में केवल कमियाँ और झगड़े ही ढूंढता है। इसलिए, दुनिया की भागदौड़ में बाहर सुकून तलाशने के बजाय अपने मन को टटोलना ज़रूरी है। अपने भीतर झाँकने से ही हमें अपने सभी सवालों के जवाब मिल जाते हैं। जो इंसान हर हाल में शांत, सहज और संतुष्ट रहना सीख जाता है, वही असल मायने में जीवन जी रहा है; बाकी तो बस इस भागदौड़ में अपना जीवन गुज़ार रहे हैं।
याद रखना यह है कि जीवन भागने के लिए नहीं, बल्कि जीने के लिए होता है। सहज बने रहिए; सहजता, संवेदनशीलता और शांत मन ही तो हमारे लिए सबसे ज़रूरी हैं। यही सब तो इंसान होने की सुंदरता है, और हर पल अपने मन की सुंदरता के साथ जियो।
…………………………………………………







